चोलथरा। क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मंगलवार को चोलथरा बायपास के समीप उस समय हड़कंप मच गया, जब निर्माण सामग्री ढो रहा एक टीपर का पिछला पहिया सीमेंटयुक्त पक्की सड़क में ही धंस गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद वाहन को बाहर निकाला।
इस घटना ने निर्माण कार्य में इस्तेमाल हो रही सामग्री और गुणवत्ता नियंत्रण पर सवालिया निशान लगा दिए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क निर्माण में मानकों की अनदेखी की जा रही है, जिसके चलते नई बनी सड़क भी भारी वाहनों का भार सहन नहीं कर पा रही।
सामाजिक कार्यकर्ता रमेश चंद भारद्वाज ने भी इस मुद्दे को उठाते हुए फेसबुक लाइव के माध्यम से संबंधित कंपनियों और विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि पहले भी कई बार सड़क की गुणवत्ता को लेकर शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने आम लोगों से इस मुद्दे पर एकजुट होकर आवाज उठाने की अपील की है।
वहीं, स्थानीय नागरिकों में जगदीश वर्मा, सतीश ठाकुर, विजय बन्याल, व्यापार मंडल चोलथरा के प्रधान बिहारी लाल और बलराज सहित अन्य लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच करवाई जाए और गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। साथ ही, बायपास के लिए प्रस्तावित पुल को भी नए सिरे से बेहतर गुणवत्ता के साथ तैयार करने की मांग उठाई गई है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस दिशा में उचित कदम नहीं उठाए गए, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
