हमीरपुर पवन धीमान :

अटारी से लेह बना रहे निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्ग 03 के निर्माण कार्य में जुटी कंपनी की बेतरतीब और मनमर्जी की कार्य प्रणाली से अब टोनी देवी के हॉस्पिटल चौक के पास दुकान चला परिवार का पालन पोषण कर रहे दुकानदार,वाहन चालक और स्थानीय लोग बेहद परेशान हैं। इस निर्माण कंपनी ने कथित बेतररीब बनाए जा रहे इस राष्ट्रीय राजमार्ग के लेबल को अस्पताल चौक के पास ऊंचा कर दिया है। जिस वजह से अस्पताल चौक पर (काले अम्ब को जाती सड़क ) जंकशन पॉइंट काफी डाउन हो गया है। अब आलम ऐसा बना हुआ है कि टोनी देवी मंदिर की तरफ से आ रहा सारा पानी चौक के नजदीक दुकानों में घुस रहा है। जिससे दुकानदारों के साथ बस का इंतजार करते मरीजों और अन्य वाहन चालकों को बेहद परेशानी का सामना करना पड़ रहा। हालांकि निर्माण कार्य के दौरान कंपनी के अधिकारियों ने स्थानीय लोगों को आश्वासन दिया था कि वे इस चौक को लोगों की सुविधा के अनुरूप बनाएंगे परंतु अब निर्माण कंपनी के अधिकारी इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे। स्थानीय दुकादार संजय कुमार, रीना देवी, एवं मकानमालिकों को कंपनी के अधिकारियों द्वारा आश्वासन दिया गया था कि पानी की रोकथाम के लिए उनकी दुकानों के आगे करीब 2 फीट ऊँची रिटेनिंग वॉल लगाई जाएगी, परंतु अब कंपनी के अधिकारी इसमें आनाकानी कर रहे हैं। उन्होंने चेताया कि अगर जल्दी उनकी समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे सड़कों पर उतर कर प्रदर्शन करेंगे।
