भोरंज की बेटी ऐना शर्मा ने TGT मेडिकल कमीशन परीक्षा में हासिल किया चौथा स्थान, क्षेत्र का नाम किया रोशन

उपमण्डल भोरंज के अंतर्गत ग्राम सुंगरवाड़ की होनहार बेटी ऐना शर्मा ने टीजीटी मेडिकल (एचपीटीजीटी) कमीशन परीक्षा में पूरे हिमाचल प्रदेश में चौथा स्थान हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। ऐना शर्मा, अनिल शर्मा की सुपुत्री हैं तथा उनकी माता का नाम सलोचना शर्मा है।

ऐना शर्मा ने यह सफलता हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) हमीरपुर द्वारा आयोजित परीक्षा में 81.85 अंक प्राप्त कर हासिल की। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।

शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो ऐना शर्मा ने अपनी 10वीं और 12वीं की शिक्षा लक्ष्मी मेमोरियल पब्लिक स्कूल भोटी से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने बीएससी (मेडिकल) की पढ़ाई राजकीय महाविद्यालय भोरंज से पूरी की। उच्च शिक्षा के लिए उन्होंने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से एमएससी की डिग्री हासिल की। इसके अतिरिक्त उन्होंने एसवीएन कॉलेज ऑफ एजुकेशन, तरक्वाड़ी से बी.एड. भी पूर्ण किया।

प्रतियोगी परीक्षाओं में भी ऐना ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। उन्होंने HPTET, CTET तथा HPSET जैसी महत्वपूर्ण परीक्षाएं भी उत्तीर्ण की हैं। निरंतर मेहनत और लगन के बल पर उन्होंने दिसंबर 2025 में आयोजित टीजीटी मेडिकल परीक्षा दी और अब उसमें शानदार सफलता प्राप्त की।

ऐना की इस उपलब्धि पर गांव और आसपास के क्षेत्रों में खुशी की लहर है। ग्रामीणों—अशोक ठाकुर, अजय ठाकुर, नवीन ठाकुर, राज कुमार, बलवंत ठाकुर, देवेंद्र शर्मा, विजय ठाकुर, संजीव शर्मा, राकेश ठाकुर, अनिल कुमार, सुनील कुमार, अमर सिंह, कुलदीप सिंह सहित अन्य लोगों ने ऐना के माता-पिता को बधाई देते हुए उनकी इस सफलता पर गर्व व्यक्त किया।

ग्रामीणों ने कहा कि ऐना शर्मा की यह सफलता क्षेत्र की अन्य बेटियों के लिए प्रेरणा स्रोत बनेगी और उन्हें भी शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी। सभी ने ऐना के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि वह आगे भी इसी तरह सफलता की नई ऊंचाइयों को छूती रहेंगी।

powan dhiman
Author: powan dhiman

error: Content is protected !!