ब्रदर होटल में अवैध गतिविधियों का भंडाफोड़, पुलिस रेड से मचा हड़कंप तीन महिलाएं संरक्षण में, होटल मालिक दो भाइयों पर केस दर्ज

शिमला-मटौर नेशनल हाईवे पर भोटा के पास स्थित टियाले दा घट्ट में एक होटल में चल रहे कथित अनैतिक गतिविधियों के धंधे का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। थाना सदर हमीरपुर की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर ब्रदर होटल में अचानक दबिश देकर पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया।

छापेमारी के दौरान मौके से पंजाब के तरणतारन और अमृतसर की रहने वाली तीन महिलाओं को बरामद किया गया। प्रारंभिक जांच में संदिग्ध गतिविधियों के संकेत मिलने पर पुलिस ने तीनों को संरक्षण में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

सूत्रों के अनुसार, इस होटल को लेकर लंबे समय से स्थानीय स्तर पर शिकायतें मिल रही थीं। बावजूद इसके, यहां गतिविधियां लगातार जारी थीं। पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए इस पूरे मामले का खुलासा किया।

तीनों महिलाओं का मेडिकल परीक्षण करवाने के बाद उन्हें एसडीएम के समक्ष पेश किया गया, जहां उनके बयान दर्ज किए गए। फिलहाल उन्हें वन स्टॉप सेंटर हमीरपुर में रखा गया है, जहां सुरक्षा और काउंसलिंग की व्यवस्था की गई है।

बताया जा रहा है कि होटल का नाम पहले भी ऐसे मामलों में सामने आ चुका है। महिलाओं ने भी पूछताछ में खुलासा किया कि वे पहले भी यहां ठहर चुकी थीं और कुछ दिनों बाद वापस लौट जाती थीं।

पुलिस ने होटल संचालक दो भाइयों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और अब इस पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है।

ब्रदर होटल में पुलिस रेड के दौरान तीन पंजाब की महिलाएं संरक्षण में ली गईं। मेडिकल के बाद एसडीएम के सामने बयान दर्ज करवाए गए। तीनों को वन स्टॉप सेंटर में रखा गया है। होटल मालिक दोनों भाइयों पर मामला दर्ज, जांच जारी है

powan dhiman
Author: powan dhiman

error: Content is protected !!