पक्का भरो क्षेत्र में हिमायन ट्रक सोसाइटी के चुनाव आज शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गए। चुनाव परिणामों में निवर्तमान प्रधान नरेश कुमार उर्फ दर्जी को उनकी उत्कृष्ट कार्यकुशलता और सक्रिय नेतृत्व के चलते अगले पांच वर्षों के लिए पुनः प्रधान नियुक्त किया गया। उनके नेतृत्व पर सदस्यों ने एक बार फिर भरोसा जताया है।
इसके साथ ही देवराज शर्मा को उपप्रधान चुना गया। कार्यकारिणी सदस्य के रूप में मटाहनी से रमेश चंद, बजूरी से लक्षित, कुठेरा से बिट्टू और लंबलू से परमजीत पम्मी को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
नवनियुक्त प्रधान नरेश कुमार दर्जी ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत उनके व्यक्तिगत प्रयासों की नहीं, बल्कि सभी साथियों के सहयोग और विश्वास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि वह भविष्य में भी सोसाइटी के हित में और अधिक मेहनत तथा ईमानदारी से कार्य करेंगे।
उन्होंने यह भी घोषणा की कि वह इस बार जंगल रोपा वार्ड से जिला परिषद चुनाव में उतरेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पहले से बेहतर कार्य कर क्षेत्र के विकास को नई दिशा देंगे।
