स्टोन क्रशर खनन मामला: दो आरोपियों का आत्मसमर्पण, कोर्ट ने दो दिन की पुलिस रिमांड दी

जिले के सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में पुंघ खड्ड स्थित स्टोन क्रशर से जुड़े कथित अवैध खनन प्रकरण ने नया मोड़ ले लिया है। बुधवार को दो प्रमुख आरोपियों प्रवीण शर्मा और उमेश शर्मा ने अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया, जिसके बाद कोर्ट ने उन्हें पुलिस रिमांड पर भेज दिया। शुरुआती सुनवाई में अदालत ने आरोपियों को एक दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा था। इसके बाद वीरवार को दोबारा पेशी के दौरान सुजानपुर पुलिस ने उन्हें अदालत में पेश किया, जहां से कोर्ट ने तीन दिन की पुलिस रिमांड मंजूर की। आज एक बार फिर दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जिसके बाद उन्हें दो दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।

यह मामला 13 अगस्त 2025 का है, जब एएसपी के नेतृत्व में सुजानपुर थाना पुलिस की टीम ने पुंघ खड्ड में स्थित एक स्टोन क्रशर पर छापेमारी की थी। इस दौरान मौके से पत्थर, बजरी और मशीनरी को कब्जे में लिया गया था। इस मामले में आरोपियों के भाई और चाचा सहित दो कर्मचारियों को भी आरोपी बनाया गया था। हालांकि, कर्मचारियों को सुप्रीम कोर्ट से अग्रिम जमानत मिल चुकी है, जबकि प्रवीण शर्मा और उमेश शर्मा की अग्रिम जमानत याचिका खारिज हो गई थी, जिसके बाद दोनों ने अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया।

इस पूरे मामले को लेकर स्थानीय विधायक ने कहा कि उन्हें न्यायपालिका पर पूरा विश्वास है, लेकिन डेढ़ माह की जांच के दौरान उनके परिवार के सदस्य 40 घंटे से अधिक समय तक पुलिस जांच में शामिल रहे हैं। उन्होंने प्रदेश में कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल भी उठाए हैं। अब पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर अवैध खनन नेटवर्क के अन्य सिरों तक पहुंचने की कोशिश करेगी।

powan dhiman
Author: powan dhiman

error: Content is protected !!