बद्दी क्षेत्र के बिलांवाली लबाणा में युवक की हत्या के मामले में बद्दी पुलिस ने त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस संबंध में पुलिस थाना बद्दी में मामला दर्ज किया गया था, जिसमें एक युवक का शव खेत में संदिग्ध परिस्थितियों में पाया गया था। मृतक की पहचान ओमकार चौधरी पुत्र दिलावर सिंह निवासी जिला बिजनौर (उ.प्र.) के रूप में हुई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान द्वारा स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए थे तथा एफएसएल टीम द्वारा मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्रित किए गए। मामला दर्ज होने के पश्चात बद्दी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 24 घंटे के भीतर ही दोनों आरोपियों का पता लगा लिया था। दोनों चिन्हित आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु बद्दी पुलिस द्वारा तीन अलग-अलग विशेष टीमें गठित की गईं, जिन्होंने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी व साइबर विश्लेषण की सहायता से विभिन्न संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी और दोनों आरोपी सन्नी कुमार पुत्र स्व. मुरारी सिंह निवासी समस्तीपुर (बिहार),) राहुल सिंह पुत्र मंगल सिंह निवासी नूरपुर,) 26 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय में पेश किया जा रहा है तथा मामले में आगामी कारवाई अमल में लाई जा रही है।
