*अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता ज़रूरी : लखनपाल

गृह रक्षा, नागरिक सुरक्षा एवं अग्निशमन सेवाएं, 12वीं वाहिनी ऊना के आदेशक हितेश लखनपाल ने कहा कि सुरक्षित समाज के लिए अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता अत्यंत जरूरी है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी 14 से 20 अप्रैल तक अग्निशमन सेवा सप्ताह मनाया जा रहा है। इस वर्ष की थीम ‘सुरक्षित विद्यालय, सुरक्षित अस्पताल एवं अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक समाज – आग की रोकथाम के लिए एक साथ ‘ निर्धारित की गई है।

उन्होंने कहा कि सप्ताह के दौरान लोगों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए रैलियां, मॉक ड्रिल, जागरूकता शिविर तथा शैक्षणिक संस्थानों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य आगजनी की घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक सावधानियों एवं उपायों के प्रति लोगों को जागरूक करना है।

लखनपाल ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने घरों, कार्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करें। विद्युत उपकरणों का सावधानीपूर्वक उपयोग करें तथा गैस सिलेंडर एवं ज्वलनशील पदार्थों के सुरक्षित भंडारण पर विशेष ध्यान दें। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत अग्निशमन सेवा को सूचित करें।

उन्होंने कहा कि यह सप्ताह उन वीर अग्निशमन कर्मियों को भी समर्पित है, जिन्होंने अपने कर्तव्य का पालन करते हुए अपने प्राणों का बलिदान दिया। उनके साहस और समर्पण को नमन करते हुए उन्होंने सभी नागरिकों से “सतर्क रहें, सुरक्षित रहें” के संदेश को अपनाने और अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम में सहयोग करने का आह्वान किया।

powan dhiman
Author: powan dhiman

error: Content is protected !!