शिमला/धर्मशाला: हिमाचल प्रदेश में शहरी निकाय चुनावों का बिगुल बज गया है। राज्य निर्वाचन आयुक्त अनिल खाची ने प्रेस वार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश के 51 शहरी निकायों में चुनाव कराए जाएंगे, जिनके अंतर्गत 449 वार्डों में मतदान होगा।
आयुक्त के अनुसार, चुनाव 4 नगर निगम, 25 नगर परिषद और 22 नगर पंचायतों में आयोजित होंगे। नगर निगमों में सोलन, धर्मशाला, पालमपुर और मंडी शामिल हैं।
चुनावों में कुल 3,60,845 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनमें 1,80,963 पुरुष और 1,79,882 महिला मतदाता शामिल हैं। वहीं, 1808 युवा मतदाता पहली बार वोट डालेंगे। इसके लिए प्रदेशभर में 589 मतदान केंद्र स्थापित किए जाएंगे। कुछ केंद्रों को महिला-प्रधान मतदान केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां केवल महिला कर्मियों की तैनाती होगी।
मतदाताओं की सुविधा के लिए आयोग ने Saarthi App के माध्यम से नाम जांचने की सुविधा भी उपलब्ध करवाई है।
इस बीच, आयोग ने प्रशासनिक अधिकारियों पर सख्ती बढ़ाते हुए निर्देश जारी किए हैं कि DC, SDM, BDO और जिला पंचायत अधिकारी बिना अनुमति जिला मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
आयुक्त ने बताया कि चुनाव तिथियों की घोषणा के साथ ही प्रदेश में आदर्श आचार संहिता लागू हो जाएगी। इसके तहत कर्मचारियों के तबादलों पर रोक लगेगी, नई योजनाओं की घोषणा नहीं की जा सकेगी, जबकि पहले से चल रहे विकास कार्य जारी रहेंगे।
उधर, पंचायती राज संस्थाओं की मतदाता सूची 27 अप्रैल को अंतिम रूप से प्रकाशित की जाएगी, जिसके बाद उनके चुनावों की घोषणा होने की संभावना है। फिलहाल आयोग ने स्पष्ट किया है कि अभी केवल शहरी निकाय चुनावों की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।