नारा मे खड़ी टैक्सी बनी आग का गोला, पवन की रोजी-रोटी का सहारा छिना

उपमंडल बड़सर की ग्राम पंचायत नारा के दरबोड़ क्षेत्र में रविवार देर रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां खड़ी टैक्सी में अचानक आग लगने से वह पूरी तरह जलकर राख हो गई। इस हादसे ने न केवल एक वाहन को खाक किया, बल्कि एक परिवार की आजीविका पर भी बड़ा संकट खड़ा कर दिया है! जानकारी के अनुसार, टैक्सी मालिक पवन कुमार ने अपनी गाड़ी रोज की तरह दरबोड़ क्षेत्र में खड़ी की थी। रात करीब 11 बजे अचानक वाहन में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी टैक्सी आग के गोले में तब्दील हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पवन कुमार मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि कोई भी प्रयास सफल नहीं हो सका। कुछ ही देर में गाड़ी पूरी तरह जलकर राख हो गई और केवल उसका ढांचा ही शेष रह गया।
बताया जा रहा है कि टैक्सी पवन कुमार की कमाई का एकमात्र साधन थी। वह इसी गाड़ी को चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। ऐसे में इस हादसे ने उसके सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा कर दिया है।
हादसे में वाहन के अंदर रखे करीब 15 हजार रुपये नकद, गाड़ी के जरूरी कागजात, आधार कार्ड सहित अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज भी जलकर नष्ट हो गए। कुल मिलाकर इस अग्निकांड में लाखों रुपये का नुकसान आंका जा रहा है।आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। घटना को लेकर तरह-तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं—यह हादसा था या फिर किसी शरारती तत्व ने जानबूझकर आग लगाई, इसको लेकर जांच जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
बॉक्स
बड़सर की नारा पंचायत मे एक टैक्सी मे आग लगने की सूचना मिली थी, पुलिस ने मौके पर पंहुचकर घटना का मुआईना किया है, गाडी मे आग कैसे लगी इसकी जाँच की जा रही है!

 

powan dhiman
Author: powan dhiman

error: Content is protected !!