शिमला — हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज चुनाव को लेकर आज बड़ा फैसला सामने आ सकता है। राज्य चुनाव आयोग ने दोपहर बाद 3:40 बजे प्रेस वार्ता बुलाई है, जिसमें चुनाव की तारीखों का औपचारिक ऐलान किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
चुनाव कार्यक्रम की घोषणा होते ही पूरे प्रदेश में आदर्श आचार संहिता लागू हो जाएगी। इसके लागू होने के बाद नई सरकारी घोषणाएं, भर्तियां, तबादले, प्रमोशन और शिलान्यास जैसे कार्यों पर रोक लग जाएगी। हालांकि शहरी निकाय क्षेत्रों में आचार संहिता पहले से प्रभावी है।
प्रदेश की कुल 3758 ग्राम पंचायतों में चुनाव प्रस्तावित हैं, जिससे राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। सभी राजनीतिक दल और संभावित उम्मीदवार आयोग के फैसले का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट ने राज्य सरकार को 31 मई तक पंचायत चुनाव संपन्न करवाने के निर्देश दिए हैं। ऐसे में आज होने वाली प्रेस वार्ता बेहद अहम मानी जा रही है, जिसमें चुनाव कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा सामने आ सकती है।
अब प्रदेश भर की निगाहें चुनाव आयोग की घोषणा पर टिकी हैं, जो पंचायत चुनाव की दिशा और समय-सीमा तय करे
गी।
