नगर पंचायत भोटा के लिए भाजपा ने प्रत्याशियों के नाम घोषित किए

भारतीय जनता पार्टी ने नगर पंचायत भोटा के आगामी चुनावों को लेकर सभी सात वार्डों के लिए अपने पार्षद प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। यह घोषणा भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर द्वारा भाजपा जिला प्रभारी और प्रदेश सचिव अमित ठाकुर, विधायक इंदरदत्त लखनपाल तथा बड़सर मंडल अध्यक्ष संजीव शर्मा की उपस्थिति में की गई।

इस अवसर पर भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री एवं भोरंज से पूर्व विधायक कमलेश कुमारी, जिला महामंत्री अजय रिंटू, ढटवाल मंडल अध्यक्ष यशवीर पाटयाल, भोरंज मंडल अध्यक्ष अशोक ठाकुर, पूर्व में रहे भाजपा समर्थित सभी पार्षद तथा बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

घोषित प्रत्याशियों में वार्ड नंबर 1 (रविदास नगर) से बीना कुमारी, वार्ड नंबर 2 (इंदिरा नगर) से अश्वनी सोनी, वार्ड नंबर 3 (कृष्णा नगर) से रिंका देवी, वार्ड नंबर 4 (नरैण नगर) से लता कुमारी, वार्ड नंबर 5 (राजीव नगर) से ज्योति वर्धन, वार्ड नंबर 6 (लोहिया नगर) से मुख्तियार सिंह तथा वार्ड नंबर 7 (ज्वाला नगर) से अनिल कुमार को उम्मीदवार बनाया गया है।

बड़सर मंडल अध्यक्ष संजीव शर्मा ने कहा कि भाजपा नगर पंचायत भोटा के समग्र विकास के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। पार्टी का लक्ष्य स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करना, आधारभूत ढांचे का विस्तार करना तथा केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे एकजुट होकर प्रत्येक प्रत्याशी को भारी मतों से विजयी बनाएं, ताकि विकास की गति को और तेज किया जा सके।

जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने अपने वक्तव्य में कहा कि नगर पंचायत भोटा के लिए घोषित सभी प्रत्याशी संगठन के जमीनी कार्यकर्ता हैं, जिन्होंने वर्षों से जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझा और उनके समाधान के लिए निरंतर कार्य किया है। उन्होंने कहा कि प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया अत्यंत पारदर्शी और विचार-विमर्श पर आधारित रही है, जिसमें स्थानीय विधायक इंदरदत्त लखनपाल, मंडल पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ व्यापक रायशुमारी की गई।

राकेश ठाकुर ने कहा कि भाजपा केवल चुनाव जीतने के उद्देश्य से नहीं, बल्कि भोटा को एक आदर्श नगर पंचायत के रूप में विकसित करने के संकल्प के साथ मैदान में उतरी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा का विजन साफ, सुदृढ़ और जनहित पर आधारित है, जिसमें स्वच्छता, पेयजल, सड़क, स्ट्रीट लाइट, नालियां, पार्क और अन्य मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।

उन्होंने आगे कहा कि नगर पंचायत के प्रत्येक वार्ड में विकास कार्यों को समान रूप से प्राथमिकता दी जाएगी और किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं होने दिया जाएगा। भाजपा की टीम पारदर्शिता, जवाबदेही और जनसहभागिता के साथ कार्य करेगी, जिससे लोगों का विश्वास और मजबूत होगा।

राकेश ठाकुर ने नगर पंचायत भोटा के सभी मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि वे विकास, स्थिरता और सुशासन के लिए भाजपा के पक्ष में मतदान करें। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता का भरपूर समर्थन भाजपा को प्राप्त होगा और पार्टी पूर्ण बहुमत के साथ इन चुनावों में प्रचंड जीत दर्ज करेगी

powan dhiman
Author: powan dhiman

error: Content is protected !!