क्रॉस दिवस पर 8 मई को गोहर में लगेगा रक्तदान शिविर

क्रॉस दिवस पर 8 मई को गोहर में लगेगा रक्तदान शिविर

विश्व रेड क्रॉस दिवस के अवसर पर 8 मई को उपमंडल गोहर के बासा स्थित राजकीय महाविद्यालय में रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। अतिरिक्त उपायुक्त एवं उपाध्यक्ष, जिला रेड क्रॉस सोसायटी मंडी गुरसिमर सिंह ने यह जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष दिवस की थीम United in Humanity रखी गई है, जिसके तहत मानवता, सेवा और सहयोग की भावना को बढ़ावा दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी संबंधित विभागों और संस्थाओं को आवश्यक सहयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

अतिरिक्त उपायुक्त गुरसिमर सिंह ने उपमंडल अधिकारी (नागरिक) एवं अध्यक्ष, उपमंडल रेड क्रॉस इकाई गोहर को निर्देश दिए हैं कि वे राजकीय महाविद्यालय गोहर के विद्यार्थियों तथा स्थानीय स्वयंसेवी संस्थाओं, व्यापार मंडल गोहर व चैलचौक के सहयोग से अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करें, ताकि शिविर सफलतापूर्वक आयोजित हो सके और जरूरतमंदों को समय पर रक्त उपलब्ध हो सके।

अतिरिक्त उपायुक्त ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि जोनल अस्पताल मंडी के ब्लड बैंक से टीम भेजकर रक्त संग्रह की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके अतिरिक्त राजकीय महाविद्यालय गोहर प्रशासन को आयोजन में सहयोग देने तथा स्थानीय संस्थाओं को सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

विश्व रेड क्रॉस दिवस प्रत्येक वर्ष 8 मई को रेड क्रॉस आंदोलन के संस्थापक हेनरी ड्यूनांट की जयंती के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। इस दिन का उद्देश्य समाज में मानवीय मूल्यों, करुणा और एकजुटता को बढ़ावा देना है तथा जरूरतमंद और कमजोर वर्गों के प्रति सहयोग की भावना को सशक्त करना है।

powan dhiman
Author: powan dhiman

error: Content is protected !!