हमीरपुर:
जिला परिषद वार्ड नंबर 5, जंगल रोपा के अंतर्गत फरनोहल पंचायत के बाड़ी गांव में आयोजित वॉलीबॉल टूर्नामेंट में नरेश कुमार दर्जी उर्फ “दर्जी भाई” ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने युवाओं से संवाद करते हुए उनके जोश, अनुशासन और खेल भावना की सराहना की। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास का सशक्त माध्यम हैं, बल्कि युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने का सबसे प्रभावी रास्ता भी हैं।
नरेश कुमार दर्जी ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, टीम भावना, संघर्ष और आत्मविश्वास का संचार करते हैं। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे खेलों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाएं।
उन्होंने कहा कि गांव स्तर पर आयोजित ऐसे टूर्नामेंट स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर देते हैं और समाज में भाईचारा व सकारात्मक ऊर्जा का माहौल बनाते हैं।
अंत में उन्होंने टूर्नामेंट कमेटी, ग्रामवासियों एवं खिलाड़ियों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी और कहा कि खेलों के माध्यम से ही मजबूत समाज और सशक्त युवा तैयार किए जा सकते हैं।
