हमीरपुर, 8 मई। जिला के एक उपमंडल के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र की एक महिला ने एक व्यक्ति पर दुष्कर्म, बंदी बनाकर मारपीट करने तथा जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर अपमानित करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने इस संबंध में महिला थाना हमीरपुर में शिकायत दर्ज करवाई है, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार महिला ने पुलिस के समक्ष अपनी शिकायत प्रस्तुत करते हुए आरोप लगाया कि आरोपी ने उसके साथ जबरदस्ती की, मारपीट की तथा उसे बंधक बनाकर रखा। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने उसके खिलाफ जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर उसे अपमानित किया।
मामले की पुष्टि करते हुए राजेश उपाध्याय ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64, 115, 75, 127(2), 351(2) तथा एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(1)(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस द्वारा मामले की गहनता से जांच की जा रही है।