नगर परिषद एवं पंचायती राज चुनावों हेतु सरकाघाट में चुनावी कर्मियों का पूर्वाभ्यास आयोजित*

नगर परिषद सरकाघाट के आगामी चुनावों के निष्पक्ष एवं सुचारू संचालन के उद्देश्य से बुधवार को एसडीएम कार्यालय सरकाघाट के सभागार में चुनावी कर्मियों का दूसरा पूर्वाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस पूर्वाभ्यास का आयोजन निर्वाचन अधिकारी (नगर परिषद) एवं एसडीएम सरकाघाट राजेंद्र कुमार गौतम की अध्यक्षता में तथा सरकाघाट चुनावों के पर्यवेक्षक सुभाष पराशर (आईएफएस) की विशेष उपस्थिति एवं देखरेख में किया गया।

इस अवसर पर निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया से जुड़े सभी अधिकारी एवं कर्मचारी निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करना सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि 16 मई को सभी चुनावी वार्डों हेतु ईवीएम चुनावी अधिकारियों को आवंटित कर दी जाएगी।

उन्होंने ईवीएम से संबंधित यूजर मैनुअल (हैंडबुक) सभी चुनावी अधिकारियों को वितरित किए।

पूर्वाभ्यास कार्यक्रम में पीठासीन अधिकारियों, पोलिंग अधिकारियों, सेक्टर अधिकारियों तथा सेक्टर मजिस्ट्रेटों ने भाग लिया। इस दौरान मास्टर ट्रेनर ई. मुकेश चौहान ने उपस्थित सभी चुनावी अधिकारियों को ईवीएम संचालन, वीडीएमएस एप्लिकेशन, मॉक पोल, मतदान प्रक्रिया, मतदाता पहचान, मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाओं तथा अन्य चुनावी प्रक्रियाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी।

इसके साथ ही पंचायत चुनावों हेतु तैनात लगभग 545 चुनावी कर्मियों का पूर्वाभ्यास कार्यक्रम राजकीय महाविद्यालय सरकाघाट के सभागार में आयोजित किया गया। इसमें मास्टर ट्रेनर जयपाल भरमौरिया ने उपस्थित पीठासीन अधिकारियों, सहायक पीठासीन अधिकारियों एवं पोलिंग अधिकारियों को मतदान के दौरान चुनावी बारीकियों को समझने तथा त्रुटिरहित चुनाव संपन्न करवाने संबंधी विस्तृत जानकारी प्रदान की।

इस मौके पर सहायक निर्वाचन अधिकारी ने सभी से निर्वाचन आयोग के नियमानुसार पारदर्शिता से काम काम करने के आदेश दिए।

इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी गोपालपुर कार्तिकेय डोगरा, नायब तहसीलदार सरकाघाट सहित अन्य अधिकारी एवं चुनावी कर्मी उपस्थित रहे।

powan dhiman
Author: powan dhiman

error: Content is protected !!