लोकतंत्र के पर्व में दिखा उत्साह, बुजुर्गों ने भी बढ़-चढ़कर किया मतदान

नगर परिषद सुजानपुर और नगर पंचायत भोटा में रविवार सुबह 7 बजे से मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से शुरू हो गई। मतदान को लेकर मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर लोगों की कतारें लगनी शुरू हो गई थीं और समय बढ़ने के साथ मतदाताओं की संख्या में लगातार इजाफा होता गया।

 

लोकतंत्र के इस महापर्व में युवाओं के साथ-साथ बुजुर्ग मतदाता भी बढ़-चढ़कर भाग लेते नजर आए। कई वरिष्ठ नागरिक अपने परिजनों के साथ मतदान केंद्रों तक पहुंचे और अपने मताधिकार का प्रयोग किया। नगर पंचायत भोटा के वार्ड नंबर-4 में 95 वर्षीय मनसा देवी ने परिवार के सदस्यों के साथ मतदान केंद्र पहुंचकर मतदान किया, जो लोगों के लिए प्रेरणा का केंद्र बना।

 

वहीं नगर परिषद सुजानपुर के विभिन्न मतदान केंद्रों पर भी उम्रदराज मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। बुजुर्गों ने कहा कि मतदान प्रत्येक नागरिक का अधिकार और जिम्मेदारी है, इसलिए हर व्यक्ति को अपने मत का प्रयोग अवश्य करना चाहिए। मिली जानकारी के अनुसार नगर पंचायत भोटा में अब तक करीब 60 प्रतिशत मतदान दर्ज किया जा चुका है।

 

नगर परिषद सुजानपुर के 9 वार्डों तथा नगर पंचायत भोटा के 6 वार्डों में मतदान प्रक्रिया जारी है। सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पुलिस जवानों ने पूरे क्षेत्र में मोर्चा संभाल रखा है ताकि मतदान शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो सके।

 

प्रशासन की ओर से मतदान केंद्रों पर आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध करवाई गई हैं। अनुमान लगाया जा रहा है कि दोपहर बाद मतदान प्रतिशत में और बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।

powan dhiman
Author: powan dhiman

error: Content is protected !!