माननीय सर्वोच्च न्यायालय, भारत द्वारा न्याय को सरल, सुलभ एवं शीघ्र बनाने के उद्देश्य से “समाधान समारोह (विशेष लोक अदालत) 2026” का आयोजन किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य आपसी सहमति, संवाद एवं मध्यस्थता के माध्यम से लंबित मामलों का सौहार्दपूर्ण निपटारा सुनिश्चित करना है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मंडी (वरिष्ठ सिविल न्यायाधीश) विवेक कायस्थ ने बताया कि यह अभियान 21 अप्रैल, 2026 से प्रारंभ हो चुका है तथा इसका समापन 21, 22 एवं 23 अगस्त, 2026 को माननीय सर्वोच्च न्यायालय परिसर में आयोजित विशेष लोक अदालत के साथ होगा, जिसमें उपयुक्त लंबित मामलों का निपटारा आपसी सहमति से किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि विशेष लोक अदालत से पूर्व, देशभर में विभिन्न स्तरों पर पूर्व-सुलह बैठकों का आयोजन 31 मई, 2026 से पहले किया जाना है, ताकि लंबित मामलों का आपसी सहमति से त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
इस संदर्भ में, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मंडी द्वारा 22 मई से 30 मई, 2026 तक भ्यूली (मंडी) स्थित कार्यालय में पूर्व-सुलह बैठकों का आयोजन करवाया जा रहा है। इन बैठकों का संचालन मध्यस्थता के माध्यम से प्रशिक्षित मध्यस्थों की सहायता से किया जा रहा है, जिससे पक्षकारों को सौहार्दपूर्ण समाधान प्राप्त करने में सहायता मिल सके। पक्षकार इन बैठकों में भौतिक अथवा वर्चुअल माध्यम से भाग ले सकते हैं।
सभी संबंधित पक्षों से अपील
सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मंडी (वरिष्ठ सिविल न्यायाधीश) विवेक कायस्थ ने सभी संबंधित पक्षों से अपील की है कि अधिवक्ता, वादकारी एवं अन्य संबंधित व्यक्ति इस अभियान में सक्रिय रूप से भाग लें तथा आपसी सहमति से विवादों के समाधान का लाभ उठाएँ।
सहायता एवं संपर्क विवरण
उन्होंने बताया कि हर प्रकार की सहायता अथवा जानकारी के लिए वन स्टॉप सेंटर (वार रूम) इंचार्ज के संपर्क नंबर 011-23115652, 011-23116464 तथा सीआरपी निदेशक के संपर्क नंबर 011-23115652, 011-23116465 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मंडी के फोन नंबर 01905-235428 के माध्यम से भी संपर्क किया जा सकता है।