हमीरपुर। लोहडर पंचायत में वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री राकेश रानी वर्मा ने एक बार फिर अपनी मजबूत पकड़ साबित करते हुए प्रधान पद पर शानदार जीत हासिल की है। राकेश रानी वर्मा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 500 से अधिक मतों के बड़े अंतर से हराकर लगातार दूसरी बार पंचायत प्रधान बनने का गौरव प्राप्त किया।
उनकी जीत के बाद पंचायत क्षेत्र में जश्न का माहौल देखने को मिला। समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों और मिठाइयों के साथ खुशी जाहिर की। राकेश रानी वर्मा इससे पहले हमीरपुर नगर परिषद के वार्ड नंबर-1 से पार्षद का चुनाव भी जीत चुकी हैं, जिससे क्षेत्र में उनकी राजनीतिक पकड़ और जनाधार का अंदाजा लगाया जा सकता है।
जनता ने एक बार फिर विकास और भरोसे की राजनीति पर मुहर लगाते हुए उन्हें भारी समर्थन दिया है। जीत के बाद राकेश रानी वर्मा ने पंचायतवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह पहले से अधिक मेहनत और ईमानदारी के साथ पंचायत के विकास के लिए कार्य करेंगी।
