पंचायती राज चुनावों में विजयी होकर विभिन्न पंचायतों के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रो. प्रेम कुमार धूमल से भेंट कर उनका आशीर्वाद लेने का सिलसिला लगातार जारी है। इसी क्रम में आज विभिन्न पंचायतों के नव निर्वाचित प्रधान, उप-प्रधान एवं वार्ड पंच अपने समर्थकों सहित समीरपुर स्थित आवास पर प्रो. धूमल से मिलने पहुंचे।
ग्राम पंचायत भटेड़ की नव निर्वाचित प्रधान शर्मिला ठाकुर ने अपने समर्थकों सहित प्रो. प्रेम कुमार धूमल से भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। वहीं पटनों पंचायत के नव निर्वाचित प्रधान सुभाष चंद एवं उप-प्रधान राजीव कुमार भी प्रो. धूमल से मिलने उनके निवास स्थान पहुंचे और उनसे मार्गदर्शन प्राप्त किया।
इसके अतिरिक्त ग्राम पंचायत दरव्याड़ की नव निर्वाचित प्रधान राज कुमारी व उप-प्रधान प्यार चंद घग्गा ने वार्ड पंचों एवं अपने समर्थकों सहित पूर्व मुख्यमंत्री से भेंट कर उनका आशीर्वाद लिया। कांगू गूगेहड़ा की नव निर्वाचित प्रधान अनु कुमारी ठाकुर भी अपनी टीम सहित प्रो. धूमल से मिलने पहुंचीं। वहीं टिक्कर बुहला के नव निर्वाचित उप-प्रधान मनोज कुमार भी प्रो. धूमल से आशीर्वाद लेने समीरपुर पहुंचे थे।
इस अवसर पर सभी नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने संकल्प लिया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पंचायतों के खातों में सीधे तौर पर उपलब्ध करवाए जा रहे धन का उपयोग अपनी-अपनी पंचायतों के समग्र विकास के लिए करेंगे तथा गांवों में आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में कार्य करेंगे।
प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने सभी नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जिस जनसेवा के लक्ष्य को लेकर वे चुनाव मैदान में उतरे थे, उसे साकार करने के लिए पूर्ण समर्पण भाव से कार्य करें। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास सबसे बड़ी पूंजी होता है और जनप्रतिनिधियों को गांव के प्रत्येक व्यक्ति की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करना चाहिए। प्रो. धूमल ने आशा जताई कि नवनिर्वाचित प्रतिनिधि अपनी संकल्प शक्ति और सकारात्मक सोच के बल पर जनता से किए गए वादों को निभाने में सफल होंगे।
उन्होंने कहा कि पंचायती राज व्यवस्था लोकतंत्र की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है और गांवों के विकास की वास्तविक शक्ति पंचायतों के माध्यम से ही आगे बढ़ती है। अपने मुख्यमंत्री कार्यकाल के दौरान प्रो. धूमल ने ग्रामीण सड़कों, पेयजल योजनाओं, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ पंचायत स्तर पर विकास कार्यों को गति देने पर विशेष बल दिया था। उनके कार्यकाल में प्रदेश में ग्रामीण संपर्क मार्गों और आधारभूत ढांचे के विस्तार को नई दिशा मिली, जिससे पंचायत स्तर तक विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को मजबूती मिली।
समीरपुर स्थित आवास पर लगातार बड़ी संख्या में नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों का पहुंचना इस बात का परिचायक है कि प्रो. प्रेम कुमार धूमल आज भी प्रदेश विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों के बीच एक अनुभवी एवं मार्गदर्शक नेता के रूप में सम्मानित स्थान रखते हैं। विभिन्न पंचायतों से जनप्रतिनिधियों द्वारा उनसे मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त करना उनके लंबे सार्वजनिक जीवन, संगठनात्मक अनुभव तथा ग्रामीण विकास के प्रति उनके निरंतर जुड़ाव को भी दर्शाता है।
