पीओ सेल हमीरपुर की बड़ी कामयाबी, दो साल से फरार उद्घोषित अपराधी कुल्लू से गिरफ्तार

उद्घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पीओ सेल हमीरपुर को एक और महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। टीम ने लंबे समय से फरार चल रहे उद्घोषित अपराधी मनोज कुमार सूद को गिरफ्तार कर लिया है।

 

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मनोज कुमार सूद निवासी मणिकर्ण चौक, शामशी, तहसील भुंतर, जिला कुल्लू को थाना हमीरपुर में दर्ज धारा 138 एनआई एक्ट के एक मामले में 19 जुलाई 2024 को न्यायालय द्वारा उद्घोषित अपराधी घोषित किया गया था। इसके बाद से आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर चल रहा था।

 

पीओ सेल हमीरपुर ने आरोपी की तलाश में लगातार प्रयास जारी रखे हुए थे। तकनीकी निगरानी और खुफिया सूचनाओं के आधार पर पुलिस टीम ने 3 जून 2026 को सैंज, तहसील बंजार, जिला कुल्लू में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

 

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी को नियमानुसार आज 4 जून 2026 को न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस की इस कार्रवाई को उद्घोषित अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।

 

हमीरपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फरार आरोपियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और कानून से बचने का प्रयास करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

powan dhiman
Author: powan dhiman

error: Content is protected !!