The Modi government has carried forward Atalji's vision for the development of Himachal: Anurag Singh Thakur

भारत की हरित क्रांति विश्व पटल पर स्थापित, जलवायु संरक्षण में भारत निभा रहा अग्रणी भूमिका: अनुराग ठाकुर

पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के अवसर पर मुंबई के बांद्रा स्थित कार्टर रोड एम्फीथिएटर में भामला फाउंडेशन द्वारा संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम (यूएनईपी), बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) तथा भारत सरकार के पर्यावरण मंत्रालय के सहयोग से आयोजित भव्य कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। #NowForClimate थीम पर आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में देश की अनेक प्रतिष्ठित हस्तियों, कलाकारों और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में कार्यरत व्यक्तियों ने सहभागिता की।

 

कार्यक्रम के दौरान अनुराग ठाकुर ने जलवायु परिवर्तन के विरुद्ध भारत की प्रतिबद्धता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में हुए उल्लेखनीय कार्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारत ने ग्लासगो में आयोजित COP-26 सम्मेलन में घोषित पंचामृत संकल्प को सफलतापूर्वक आगे बढ़ाया है तथा जून 2025 में ही पेरिस समझौते के अंतर्गत निर्धारित वर्ष 2030 के 50 प्रतिशत गैर-जीवाश्म ऊर्जा क्षमता लक्ष्य को पांच वर्ष पूर्व प्राप्त कर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है।

 

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत देशभर में 14 लाख से अधिक रूफटॉप सोलर सिस्टम स्थापित किए जा चुके हैं। वहीं “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के माध्यम से 80 करोड़ से अधिक पौधे लगाए गए हैं। उन्होंने ‘लाइफ’ (Lifestyle for Environment) आंदोलन का उल्लेख करते हुए कहा कि यह अभियान प्रत्येक नागरिक को पर्यावरण संरक्षण के लिए दैनिक जीवन में सकारात्मक बदलाव अपनाने की प्रेरणा देता है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि मार्च 2026 तक भारत में 283 गीगावाट स्वच्छ ऊर्जा क्षमता स्थापित हो चुकी है, जिससे भारत विश्व का तीसरा सबसे बड़ा नवीकरणीय ऊर्जा उत्पादक देश बन गया है।

 

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक आर. बाल्की के निर्देशन में तैयार जलवायु जागरूकता पर आधारित संगीत अभियान “भूमि नमस्कार” का शुभारंभ रहा। भामला फाउंडेशन द्वारा तैयार इस विशेष म्यूजिकल क्लाइमेट एंथम में श्रेया घोषाल, वरुण धवन, अभिषेक बच्चन, मलाइका अरोड़ा सहित भारतीय सिनेमा और संगीत जगत की कई प्रतिष्ठित हस्तियों ने अपनी भागीदारी दी है।

 

अनुराग ठाकुर ने भामला फाउंडेशन द्वारा अब तक किए गए 550 से अधिक समुद्र तट एवं मैंग्रोव सफाई अभियानों, 800 से अधिक संस्थानों में 50 हजार से अधिक वृक्षारोपण तथा #BeatPlasticPollution अभियान की सराहना करते हुए कहा कि “भूमि नमस्कार” केवल एक गीत नहीं बल्कि संगीत के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का जनआंदोलन है। उन्होंने देशवासियों से इस एंथम को विद्यालयों, सामाजिक कार्यक्रमों तथा डिजिटल मंचों पर व्यापक रूप से साझा करने का आह्वान किया ताकि जलवायु संरक्षण का संदेश देश के हर कोने तक पहुंचे।

 

अपने संबोधन के अंत में अनुराग ठाकुर ने प्रत्येक नागरिक से पर्यावरण संरक्षण हेतु पांच प्रमुख कर्तव्यों का पालन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत एक पौधा अवश्य लगाए, सिंगल यूज प्लास्टिक का त्याग करे, जल संरक्षण को अपनाए, इलेक्ट्रिक वाहनों सहित हरित परिवहन के साधनों को प्रोत्साहित करे तथा ‘लाइफ’ की भावना के अनुरूप सतत एवं जिम्मेदार जीवनशैली अपनाए।

 

उन्होंने ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ के भारतीय दर्शन का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आने वाली पीढ़ियों के लिए पृथ्वी की रक्षा के संकल्प के साथ विश्व का मार्गदर्शन कर रहा है। उन्होंने मुंबई सहित देशभर के नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान में सहभागी बनने का आह्वान करते हुए कहा कि एक अरब से अधिक लोगों के छोटे-छोटे सकारात्मक प्रयास विश्व में बड़ा परिवर्तन ला सकते हैं।

 

powan dhiman
Author: powan dhiman

error: Content is protected !!