पूर्व मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से निर्धारित अवधि में स्वयं-गणना के माध्यम से पंजीकरण कराने का आह्वान किया

हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने आज जनगणना-2027 के अंतर्गत स्व-गणना (Self Enumeration) की प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूर्ण की। इस अवसर पर जनगणना चार्ज अधिकारी एवं तहसीलदार बमसन सौरभ धीमान तथा जिला जनगणना नोडल अधिकारी अजय सोलंकी भी उपस्थित रहे।

 

इस दौरान जनगणना चार्ज अधिकारी सौरभ धीमान ने बताया कि वर्तमान में जनगणना का प्रथम चरण संचालित किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत 15 जून तक प्रत्येक परिवार ऑनलाइन माध्यम से स्व-गणना की सुविधा का लाभ उठा सकता है। उन्होंने बताया कि इस प्रक्रिया में परिवार एवं उसके सदस्यों से संबंधित कुल 34 प्रश्नों के उत्तर दर्ज किए जाएंगे। इसके पश्चात 16 जून से 15 जुलाई तक प्रगणक (Enumerator) एवं पर्यवेक्षक (Supervisor) घर-घर जाकर हाउस लिस्टिंग का कार्य करेंगे। प्रथम चरण में मकानों एवं परिवारों से संबंधित विवरण एकत्रित किया जाएगा।

 

उन्होंने सभी नागरिकों से इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का आग्रह करते हुए कहा कि अधिक से अधिक परिवार निर्धारित अवधि के भीतर स्व-गणना की सुविधा का लाभ उठाएं, जिससे जनगणना प्रक्रिया को और अधिक सुगम एवं प्रभावी बनाया जा सके।

 

इस अवसर पर प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे निर्धारित अवधि के भीतर स्वयं-गणना के माध्यम से अपना पंजीकरण अवश्य करें। उन्होंने कहा कि इसके उपरांत 16 जून से 15 जुलाई तक गणनाकर्मी घर-घर जाकर आवश्यक विवरण एकत्रित करेंगे।

 

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों के संकलन की प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह देश और प्रदेश के विकास की आधारशिला है। जनगणना के आंकड़े विकास योजनाओं के निर्माण, संसाधनों के न्यायसंगत वितरण तथा भविष्य की नीतियों के निर्धारण में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह सही एवं सटीक जानकारी उपलब्ध कराकर इस राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाए तथा देश और प्रदेश को समृद्ध एवं सशक्त बनाने में अपना योगदान सुनिश्चित करे।

 

powan dhiman
Author: powan dhiman

error: Content is protected !!