सोलन। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में पुलिस ने एक हाई-प्रोफाइल जुए के अड्डे का भंडाफोड़ करते हुए बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। जिला पुलिस की विशेष अन्वेषण इकाई (एसआईयू) ने गुप्त सूचना के आधार पर चक्की मोड़ के समीप स्थित एक होटल में दबिश देकर एक महिला समेत 10 लोगों को अवैध रूप से जुआ खेलते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
जानकारी के अनुसार होटल के एक कमरे में देर रात जुए की बड़ी महफिल सजी हुई थी, जहां विभिन्न राज्यों से आए लोग भारी रकम दांव पर लगा रहे थे। पुलिस को लंबे समय से इस गतिविधि की सूचना मिल रही थी, जिसके बाद एसआईयू ने योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की। जैसे ही पुलिस टीम होटल के कमरे में पहुंची, वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन पुलिस ने सभी को मौके पर ही दबोच लिया।
बताया जा रहा है कि गिरफ्तार किए गए आरोपी 6 अलग-अलग राज्यों से संबंध रखते हैं और होटल के कमरे को जुए के अड्डे में तब्दील कर रखा था। पुलिस ने मौके से नकदी, ताश के पत्ते और अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की है। बरामद राशि का आंकड़ा अभी पुलिस द्वारा सार्वजनिक नहीं किया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है। यह भी खंगाला जा रहा है कि जुए का यह नेटवर्क कब से संचालित हो रहा था और इसके तार किन-किन राज्यों तक जुड़े हुए हैं। होटल प्रबंधन की भूमिका भी जांच के दायरे में है।
इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस का कहना है कि अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा और कानून तोड़ने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
