देहरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: पंजाब से आ रहे ट्रक से 6.8 किलो चूरा-पोस्त बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार

देहरा, 18 जून। नशा मुक्त हिमाचल अभियान के तहत पुलिस जिला देहरा को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक मयंक चौधरी के निर्देशों पर कार्रवाई करते हुए रक्कड़ थाना पुलिस ने पंजाब से आ रहे एक ट्रक से 6 किलो 802 ग्राम चूरा-पोस्त (भुक्की) बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

 

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार को रक्कड़ थाना की टीम कोलापुर क्षेत्र में गश्त और नियमित जांच पर तैनात थी। इसी दौरान पंजाब की ओर से आ रहे एक ट्रक (PB-11DF-7976) को संदेह के आधार पर रोका गया। तलाशी के दौरान ट्रक से 6 किलो 802 ग्राम चूरा-पोस्त बरामद हुआ, जिसके बाद पुलिस ने नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर ट्रक में सवार दोनों व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया।

 

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुखदेव सिंह (31) पुत्र केहर सिंह निवासी गांव अटारी, जिला अमृतसर (पंजाब) तथा हरप्रीत सिंह (36) पुत्र हरचंद सिंह निवासी गांव ध्यानपुरा, डाकघर कुराली, तहसील खरड़, जिला रूपनगर (पंजाब) के रूप में हुई है।

 

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ रक्कड़ थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त ट्रक को भी जब्त कर लिया गया है।

 

एसपी मयंक चौधरी ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि जिला पुलिस नशे के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत लगातार अभियान चला रही है। उन्होंने बताया कि पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि बरामद चूरा-पोस्त पंजाब में कहां से लाया गया था और हिमाचल में किस नेटवर्क तक पहुंचाया जाना था। मामले में बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक खंगाले जा रहे हैं तथा इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी जारी है।

 

एसपी ने आम लोगों से भी नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि यदि किसी को मादक पदार्थों की तस्करी या नशे से जुड़ी कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो वह तुरंत हेल्पलाइन नंबर 112 पर सूचना दे। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

powan dhiman
Author: powan dhiman

error: Content is protected !!