हमीरपुर, 19 जून। अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए जिला पुलिस हमीरपुर को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस थाना नादौन की टीम ने विशेष अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन से 130 पेटी अवैध शराब बरामद की है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 18 जून 2026 को गश्त के दौरान मिली विश्वसनीय सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने नाकाबंदी कर वाहन चेकिंग शुरू की। जांच के दौरान एक पिकअप वाहन से 130 पेटी Old Monk Rum बरामद की गई। प्रत्येक पेटी में 750 मिलीलीटर की 12 बोतलें थीं। इस प्रकार कुल 1,560 बोतलें यानी 11.70 लाख मिलीलीटर शराब बरामद हुई।
बाजार मूल्य के हिसाब से यह खेप लगभग 15 से 18 लाख रुपये की बताई जा रही है, हालांकि इसकी वास्तविक कीमत और कर देयता का आकलन आबकारी विभाग द्वारा किया जाएगा।
पुलिस ने बरामद शराब और वाहन को कब्जे में लेकर थाना नादौन में 18 जून 2026 को हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 39(1)(A) के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई अवैध शराब तस्करी के खिलाफ एक बड़ा प्रहार है। साथ ही इससे राज्य सरकार को होने वाले संभावित राजस्व नुकसान को भी रोका गया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस शराब की खेप के स्रोत तथा गंतव्य का पता लगाने में जुटी हुई है।
