लंबलू स्कूल में उत्साह से मनाया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस, विद्यार्थियों ने लिया स्वस्थ जीवन का संकल्प

आयुष विभाग हमीरपुर के अंतर्गत आयुष्मान आरोग्य मंदिर पंधेड़ द्वारा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय लंबलू में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साह एवं उमंग के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में आयुष्मान आरोग्य मंदिर पंधेड़ की आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुप्रिया सूद ने विद्यार्थियों को योग के महत्व तथा इसके शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास स्वस्थ एवं सक्रिय जीवन की कुंजी है। योग न केवल शरीर को निरोग रखता है, बल्कि मानसिक तनाव को कम करने और बढ़ती उम्र में भी बेहतर स्वास्थ्य बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। योग प्रशिक्षक सुमन बाला ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासनों और प्राणायाम का अभ्यास करवाया। उन्होंने योग करने की सही विधियों तथा उससे मिलने वाले स्वास्थ्य लाभों की भी विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान आयोजित योग क्विज प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर आयुष विभाग के फार्मासिस्ट अजय कुमार, विद्यालय के शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और आमजन में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।

powan dhiman
Author: powan dhiman

error: Content is protected !!