मंडी में रिश्ते तार तार बेटे ने डंडे से पीटकर की मां की हत्या, सामने आई ये वजह*

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सुंदरनगर उपमंडल के जयदेवी क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। ग्राम गेहरी में एक बेटे ने कथित तौर पर अपनी ही मां पर लाठी से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बीच-बचाव करने आए पिता भी इस हमले में घायल हो गए और उनका उपचार सिविल अस्पताल सुंदरनगर में चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, जयदेवी डाकघर के अंतर्गत आने वाले ग्राम गेहरी की 51 वर्षीय पार्वती देवी रविवार रात अपने परिवार के साथ घर पर थीं। इसी दौरान किसी बात को लेकर परिवार में विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद इतना बढ़ गया कि पुत्र खेमा राम ने अपनी मां पर लाठी से हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण पार्वती देवी ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

मां को बचाने के लिए जब पिता बीच में आए तो वे भी हमले में घायल हो गए। उन्हें तुरंत सिविल अस्पताल सुंदरनगर पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस थाना बीएसएल कॉलोनी की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

इस हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है। जिस मां ने बेटे को जन्म देकर बड़ा किया, उसी के हाथों उसकी जिंदगी का अंत हो जाना लोगों को झकझोर रहा है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है और घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

powan dhiman
Author: powan dhiman

error: Content is protected !!