गोपालनगर में आवारा कुतिया ने दो मासूमों पर किया हमला, पांच मिनट बाद खुद भी मर गई

हमीरपुर, 26 जून। हमीरपुर शहर के गोपालनगर और कृष्णानगर क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई। एक आवारा कुतिया ने कुछ ही मिनटों के अंतराल में दो प्रवासी बच्चों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि दूसरे बच्चे को काटने के करीब पांच मिनट बाद ही कुतिया की मौत हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे गोपालनगर में तेज़ी से दौड़ रही कुतिया ने रास्ते से गुजर रही छह वर्षीय शारदा कुमारी, पुत्री मेवाराम, की टांग पर काट लिया। इसके बाद कुतिया कृष्णानगर वार्ड-1 स्थित इंदिरा कॉलोनी में एक किराए के कमरे में घुस गई, जहां उसने दो वर्षीय शिवम, पुत्र विरपाल, के कुल्हों पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।

घटना के बाद स्थानीय निवासी रमन कुमार ने घायल शिवम को तुरंत मेडिकल कॉलेज हमीरपुर पहुंचाया, जहां उसे एंटी-रेबीज टीका लगाया गया। कुछ देर बाद शारदा कुमारी के परिजन भी उसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां उसका भी इलाज शुरू किया गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार दूसरे बच्चे पर हमले के लगभग पांच मिनट बाद ही कुतिया की मौके के पास ही मौत हो गई। कुतिया की अचानक मौत के कारणों को लेकर क्षेत्र में कई तरह की चर्चाएं हैं।

घटना की जानकारी समाजसेवी संस्था प्रभात सुधार सभा सहित अन्य लोगों ने नगर निगम प्रशासन को दी। संस्था के प्रधान प्रकाश चंद सेन ने नगर निगम आयुक्त से आवारा कुत्तों के टीकाकरण और उनकी उचित निगरानी की व्यवस्था शीघ्र सुनिश्चित करने की मांग की, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

इस घटना के बाद गोपालनगर और कृष्णानगर क्षेत्र में दहशत का माहौल है तथा स्थानीय लोगों ने आवारा कुत्तों की समस्या के स्थायी समाधान की मांग उठाई है।

powan dhiman
Author: powan dhiman

error: Content is protected !!