मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के गोहर क्षेत्र में नौकरी दिलाने के नाम पर बेरोजगार युवाओं से लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने खुद को एनएचएआई का अधिकारी बताकर लुहरी पावर प्रोजेक्ट में पक्की नौकरी लगवाने का झांसा दिया और सात युवाओं से कुल 2 लाख 10 हजार रुपये ऐंठ लिए।
पीड़ित युवाओं ने शनिवार को उपमंडलाधिकारी (नागरिक) गोहर को शिकायत सौंपकर न्याय की गुहार लगाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम ने शिकायत को आवश्यक कार्रवाई और एफआईआर दर्ज करने के लिए थाना गोहर भेज दिया है।
शिकायतकर्ताओं धनदेव निवासी बखड़ोग और डाहलू राम निवासी दाड़ी, चच्योट के अनुसार, शकोहर गांव निवासी इंद्र सिंह उर्फ इंद्रेश ने दिसंबर 2025 और जनवरी 2026 के दौरान खुद को एनएचएआई का प्रभावशाली अधिकारी बताते हुए लुहरी पावर प्रोजेक्ट में 31 जनवरी 2026 तक स्थायी नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। इसके बदले उसने युवाओं से मोटी रकम की मांग की।
धनदेव ने अपनी और पांच अन्य साथियों—मोलराज, खीरामणि, गुलशन, मनोज और नरेश कुमार—की नौकरी के नाम पर 1.50 लाख रुपये आरोपी को दिए, जबकि डाहलू राम ने 60 हजार रुपये सौंपे। इस तरह आरोपी ने कुल 2.10 लाख रुपये वसूल लिए।
जब तय समय तक नौकरी नहीं मिली तो आरोपी ने पहले 31 मार्च तक का समय मांगा। इसके बाद भी कोई नियुक्ति नहीं हुई और अप्रैल से उसने पीड़ितों के फोन उठाने बंद कर दिए। आरोप है कि वह फरार हो गया।
पीड़ितों ने प्रशासन से आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई कर उनकी रकम वापस दिलाने की मांग की है।
सावधानी: नौकरी दिलाने के नाम पर पैसे मांगने वाले किसी भी व्यक्ति पर बिना आधिकारिक सत्यापन के भरोसा न करें। सरकारी या निजी संस्थानों में भर्ती की प्रक्रिया की पुष्टि हमेशा संबंधित विभाग के आधिकारिक माध्यमों से ही करें।