एचआरटीसी बस में युवती से 1.006 किलो चरस बरामद, सीआईए नूरपुर की बड़ी कार्रवाई

नूरपुर, 28 जून। पुलिस जिला नूरपुर के अंतर्गत सीआईए टीम ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवती को 1 किलो 6 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई जसूर के बौड चौक के पास की गई, जहां एचआरटीसी बस में सवार युवती के बैग से भारी मात्रा में चरस बरामद हुई।

मामले की पुष्टि करते हुए एएसपी धर्म चंद वर्मा ने बताया कि 28 जून को सीआईए नूरपुर की टीम गनोह, जसूर और नूरपुर क्षेत्र में अपराध नियंत्रण, गश्त तथा मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए तैनात थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि पालमपुर की रहने वाली एक युवती एचआरटीसी बस में चरस की खेप लेकर आ रही है।

सूचना के आधार पर पुलिस ने बौड चौक, जसूर में नाका लगाकर संबंधित एचआरटीसी बस को रोका। तलाशी के दौरान बस में सवार कुमारी गुनगुन निवासी गांव खिल्डू, डाकघर बिंद्राबन, तहसील पालमपुर, जिला कांगड़ा के बैग से 1 किलोग्राम 6 ग्राम चरस बरामद की गई। पुलिस ने मौके पर ही कानूनी औपचारिकताएं पूरी करते हुए चरस को कब्जे में लेकर सैंपल सील कर दिए।

पुलिस ने आरोपी युवती के खिलाफ थाना नूरपुर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 और 29 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

एएसपी धर्म चंद वर्मा ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद चरस कहां से लाई गई थी और इसे आगे किसे सप्लाई किया जाना था। मामले में ड्रग नेटवर्क के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की भी गहन जांच की जा रही है।

powan dhiman
Author: powan dhiman

error: Content is protected !!