उपायुक्त ने नगर निगम के नवनिर्वाचित पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई

नगर निगम मंडी के महापौर (मेयर) एवं उप महापौर (डिप्टी मेयर) पदों के लिए सोमवार को नगर निगम कार्यालय, मंडी के सभागार में निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुई। दोनों पदों के लिए एक-एक नामांकन प्राप्त होने के कारण सुमन ठाकुर को महापौर तथा जितेंद्र शर्मा को उप महापौर निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।

निर्वाचन प्रक्रिया की अध्यक्षता उपायुक्त एवं प्राधिकृत अधिकारी अपूर्व देवगन ने की। इस अवसर पर नगर निगम मंडी के सभी 14 नवनिर्वाचित पार्षद उपस्थित रहे।

निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार महापौर पद के लिए वार्ड नम्बर नौ पैलेस दो से सुमन ठाकुर तथा उप महापौर पद के लिए वार्ड नम्बर ग्यारह समखेतर से जितेंद्र शर्मा ने अपने-अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। दोनों पदों के लिए अन्य कोई नामांकन प्राप्त नहीं हुआ, जिसके चलते प्राधिकृत अधिकारी ने दोनों को क्रमशः महापौर एवं उप महापौर निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया।

इससे पहले उपायुक्त एवं प्राधिकृत अधिकारी अपूर्व देवगन ने नगर निगम के सभी 14 नवनिर्वाचित पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

उपायुक्त अपूर्व देवगन ने नवनिर्वाचित महापौर, उप महापौर तथा सभी पार्षदों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि नगर निगम मंडी जनहित, पारदर्शिता एवं विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शहर के समग्र विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

नगर निगम के आयुक्त रोहित राठौर ने बैठक का संचालन किया।

इस अवसर पर सदर के विधायक अनिल शर्मा, बल्ह के विधायक इंद्र सिंह गांधी, द्रंग के विधायक पूर्ण चंद ठाकुर, अतिरिक्त उपायुक्त गुरसिमर सिंह, नगर निगम के सहायक आयुक्त विजय कुमार सहित नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

powan dhiman
Author: powan dhiman

error: Content is protected !!