गलवान घाटी में मातृभूमि की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीद सिपाही अंकुश ठाकुर की पावन स्मृति में स्थापित शहीद सिपाही अंकुश ठाकुर मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा बुमाना स्थित गौशाला में विशेष गौ-सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान ट्रस्ट की प्रधान ऊषा ठाकुर, उपप्रधान अनिल ठाकुर तथा सचिव शिव प्रकाश शर्मा सहित अन्य पदाधिकारियों और सदस्यों ने गौशाला पहुंचकर गायों की सेवा की। इस अवसर पर सभी ने अपने हाथों से गायों को हरा चारा एवं पौष्टिक फीड खिलाई और गौ-सेवा का संदेश दिया।
ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने बताया कि यह केवल एक दिवसीय आयोजन नहीं है, बल्कि शहीद अंकुश ठाकुर की स्मृति को जीवंत बनाए रखने और समाज में सेवा की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ट्रस्ट प्रत्येक माह नियमित रूप से गौ-सेवा का कार्य करता है।
इस सेवा कार्य की स्थानीय लोगों ने सराहना करते हुए कहा कि शहीदों की स्मृति में किए जा रहे ऐसे सामाजिक और मानवीय प्रयास समाज के लिए प्रेरणादायक हैं
