हमीरपुर। जिला हमीरपुर के बमसन विकास खंड की नाडसिं पंचायत के निवासी एवं भारतीय सेना के सेवानिवृत्त कर्नल बलदेव कौंडल का लंबी बीमारी के बाद सैन्य अस्पताल अंबाला में निधन हो गया। उनके निधन से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके पैतृक गांव नाडसिं में पूरे सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया।
अंतिम संस्कार से पूर्व बड़ी संख्या में भूतपूर्व सैनिकों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा स्थानीय लोगों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। वक्ताओं ने कहा कि कर्नल बलदेव कौंडल का निधन न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे समाज और पूर्व सैनिक समुदाय के लिए अपूरणीय क्षति है।
कर्नल बलदेव कौंडल ने भारतीय सेना में 31 वर्षों तक उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान कीं। अपने सैन्य जीवन के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण अभियानों का नेतृत्व किया और साहस, अनुशासन तथा कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए देश सेवा में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके व्यक्तित्व और सेवाओं को लंबे समय तक याद रखा जाएगा।
उनकी अंतिम यात्रा में राजपूत कल्याण सभा के अध्यक्ष जोगिंदर ठाकुर, पूर्व सैनिक विंग के पदाधिकारी कैप्टन ओंकार देव, कैप्टन नरेश, कैप्टन सुरेश, सूबेदार ओंकार, सूबेदार रमेश, तारा चंद, राजेश सहित सैकड़ों ग्रामीणों और पूर्व सैनिकों ने भाग लिया तथा नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी। श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।