धर्मशाला पुलिस की हमीरपुर में दबिश, चोरी के मामले में सुनार की दुकान और घर की तलाशी, डिटेन कर साथ ले गई टीम

हमीरपुर, 7 जुलाई। धर्मशाला में हुई गहनों की चोरी के एक मामले की जांच के सिलसिले में धर्मशाला पुलिस ने हमीरपुर शहर में एक सुनार के घर और दुकान पर दबिश देकर तलाशी ली। इस कार्रवाई के बाद शहर में चर्चाओं का दौर तेज हो गया और व्यापारियों में भी हलचल रही।

 

सूत्रों के अनुसार, धर्मशाला थाना क्षेत्र में कुछ दिन पहले हुई चोरी की जांच के दौरान गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ में खुलासा किया कि उसने चोरी किए गए गहने हमीरपुर के एक सुनार को बेचे थे। इसी सूचना के आधार पर धर्मशाला पुलिस की टीम सोमवार को हमीरपुर पहुंची और संबंधित सुनार के घर व दुकान की तलाशी लेकर उससे पूछताछ की।

 

जानकारी के अनुसार, पुलिस ने सोमवार रात सुनार को सदर थाना हमीरपुर में डिटेन किया, जहां देर रात तक उससे पूछताछ की जाती रही। हालांकि, मामले में अब तक किसी गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

 

इस संबंध में बलवीर सिंह ठाकुर ने बताया कि धर्मशाला में हुई चोरी के मामले की जांच के सिलसिले में धर्मशाला पुलिस की टीम हमीरपुर पहुंची है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

powan dhiman
Author: powan dhiman

error: Content is protected !!