पटलांदर विद्युत सब-स्टेशन का लंबे इंतजार के बाद आखिरकार उद्घाटन हो गया। इस पर पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने दावा किया कि सरकार को जनता के दबाव और उनके दिए गए अल्टीमेटम के आगे झुकना पड़ा। उन्होंने कहा कि डेढ़ साल तक तैयार होने के बावजूद सब-स्टेशन का उद्घाटन नहीं किया गया, लेकिन लगातार उठाई गई आवाज और जनदबाव के चलते सरकार को इसे शुरू करना पड़ा।
राणा ने कहा कि यह किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि क्षेत्र की जनता के संघर्ष, धैर्य और एकजुटता की जीत है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार राजनीतिक कारणों से विकास कार्यों को लटकाती रही, जिससे क्षेत्र के लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ा।
उन्होंने कहा कि जनता के हितों से जुड़े मुद्दों पर उनकी लड़ाई आगे भी जारी रहेगी और सरकार को जनहित के मामलों में जवाबदेह बनाना उनका दायित्व है। राणा ने क्षेत्रवासियों को सब-स्टेशन शुरू होने पर बधाई देते हुए कहा कि इससे बिजली व्यवस्था में सुधार होगा और लंबे समय से चली आ रही समस्या का समाधान मिलेगा।
