हिमाचल प्रदेश स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड लिमिटेड (HPSEBL) के विद्युत उप-मंडल संख्या-1, मंडी ने अपने क्षेत्र के सभी विद्युत उपभोक्ताओं से लंबित बिजली बिलों का भुगतान नियत तिथि तक अनिवार्य रूप से करने का आग्रह किया है।
सहायक अधिशासी अभियंता नरेश ठाकुर ने बताया कि जिन उपभोक्ताओं द्वारा इस माह देय विद्युत बिल का भुगतान नियत तिथि तक नहीं किया जाएगा, उनके विद्युत कनेक्शन (मीटर) नियमानुसार बिना किसी अतिरिक्त सूचना या पत्राचार के विच्छेदित कर दिए जाएंगे। विद्युत आपूर्ति पुनः बहाल करवाने के लिए उपभोक्ताओं को 250 रुपये प्रति कनेक्शन पुनः संयोजन शुल्क के साथ अन्य सभी देय राशि का भुगतान करना होगा।
उन्होंने बताया कि सभी स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के विद्युत बिल अब केवल बोर्ड के अभिलेखों में दर्ज पंजीकृत मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी पर ही भेजे जाएंगे। स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को विद्युत बिल की मुद्रित प्रति (हार्ड कॉपी) उपलब्ध नहीं करवाई जाएगी। उपभोक्ता अपने बिल HPSEBL की आधिकारिक वेबसाइट तथा HPSEBL Mobile App के माध्यम से डाउनलोड कर ऑनलाइन भुगतान भी कर सकते हैं।
जिन उपभोक्ताओं ने अभी तक अपना मोबाइल नंबर या ई-मेल आईडी अपडेट नहीं करवाई है अथवा जिनके पंजीकृत विवरण में परिवर्तन हुआ है, वे शीघ्र अपने संबंधित विद्युत उप-मंडल कार्यालय में संपर्क कर आवश्यक जानकारी अपडेट करवा लें, ताकि उन्हें बिजली बिल एवं अन्य महत्वपूर्ण सूचनाएं समय पर प्राप्त होती रहें।
उन्होंने सभी उपभोक्ताओं से यह भी अनुरोध किया कि वे यह सुनिश्चित करें कि उनके विद्युत मीटर ऐसे स्थान पर स्थापित हों अथवा उपलब्ध रहें, जहां मीटर रीडर एवं बोर्ड के कर्मचारी मीटर रीडिंग, निरीक्षण, रख-रखाव एवं अन्य तकनीकी कार्यों के लिए बिना किसी बाधा के आसानी से पहुंच सकें, भले ही उस समय भवन अथवा परिसर बंद हो।
नरेश ठाकुर ने सभी उपभोक्ताओं से समय पर बिजली बिल जमा करने, आवश्यक होने पर अपने पंजीकृत मोबाइल नंबर एवं ई-मेल आईडी में संशोधन करवाने तथा मीटर तक सुगम पहुंच सुनिश्चित कर बोर्ड के कर्मचारियों को सहयोग देने की अपील की। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं का सहयोग निर्बाध, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति बनाए रखने में अत्यंत महत्वपूर्ण है।