हमीरपुर, 8 जुलाई। करीब दो दिन पहले हमीरपुर शहर में धर्मशाला पुलिस द्वारा एक सुनार के घर और दुकान पर दी गई दबिश का मामला अब लगभग पूरी तरह स्पष्ट हो गया है। जांच में सामने आया है कि यह कार्रवाई कांगड़ा जिले के धर्मशाला के फतेहपुर क्षेत्र में एक डॉक्टर के घर हुई लाखों रुपये के गहनों की चोरी से जुड़ी थी।
पुलिस के अनुसार, मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने चोरी से पहले डॉक्टर के घर की रेकी की थी। महिला के घर से बाहर होने का फायदा उठाकर उन्होंने सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और पहचान छिपाने के लिए सीसीटीवी का डीवीआर भी चोरी कर लिया।
पूछताछ के दौरान पता चला कि चोरी किए गए सोने के आभूषण हमीरपुर के सुनार विवेक कुमार को बेच दिए गए थे। इसके बाद धर्मशाला पुलिस ने हमीरपुर पहुंचकर सुनार के घर और दुकान पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान उसके कब्जे से करीब 15 तोला पिघला हुआ सोना और लगभग एक किलोग्राम चांदी बरामद की गई।
पुलिस ने इस मामले में एफआईआर संख्या 96/2026 दर्ज कर रखी है। शिकायत फतेहपुर निवासी एक डॉक्टर ने दर्ज करवाई थी, जिसमें घर से भारी मात्रा में सोने-चांदी के गहने, नकदी और सीसीटीवी डीवीआर चोरी होने की बात कही गई थी।
वैज्ञानिक साक्ष्यों और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने कल्याड़ (गग्गल) निवासी अंजू और उसके साथी चंदन को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, हमीरपुर के सुनार विवेक कुमार के खिलाफ भी भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 341(4) के तहत मामला दर्ज किया गया है और उसकी गिरफ्तारी की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और चोरी के पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।