हिमाचल सरकार अनुसूचित जाति एवं जनजाति से संबंधित युवाओं को मैट्रिक के बाद तकनीकी विषयों और व्यवसायों में शिक्षा प्राप्त करने के लिए शिक्षा ऋण योजना के तहत आर्थिक सहायता प्रदान करती है। इस योजना के अंतर्गत 75 हजार रूपये तक का ऋण ब्याज मुक्त और 75 हजार से 1.5 लाख रूपये तक का ऋण 4 से 5 प्रतिशत वार्षिक दर पर उपलब्ध करवाने का प्रावधान है। योजना के अन्तर्गत आवेदक छात्र के माता-पिता व अभिभावक भी सह-ऋणी होते हैं। यह ऋण केवल उन्हीं परिवारों के छात्रों/छात्राओं को प्रदान किए जाते हैं जिनकी पारिवारिक वार्षिक आय 3 लाख से कम है। इस योजना में डिप्लोमा तथा डिग्री कोर्सिज जैसे जेबीटी, एमबीबीएस, इंजिनियरिंग, एक वर्षीय होटल मैनेजमैंट, एमबीए, जीएएमएस, एमएस, नर्सिग आदि के लिए ऋण देने की सुविधा का भी प्रावधान है। इसके साथ ही ऋण की वसूली कोर्स पूर्ण होने के दो वर्ष बाद अथवा नौकरी मिलने पर, जो पहले हो, से शुरू हो जाती है।
यह जानकारी सूचना एवं जनसंपर्क विभाग से संबद्ध नाट्यदल आर.के. कलामंच चिंतपूर्णी ने बुधवार को पहले चरण के तीसरे दिन गगरेट उपमंडल के डंगोह खास और गोंदपुर बनेहड़ा अप्परला गांवों में गीत-संगीत और नुक्कड़ नाटकों के जरिए ग्रामीणों को जागरूक करते हुए दी। कलाकारों ने बताया कि शिक्षा ऋण योजना आर्थिक रूप से एससी व एसटी वर्ग के विद्यार्थियों को आगे बढ़ने और अपने सपनों को पूरा करने में मदद करती है।
उन्होंने ग्रामीणों को मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना, इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना, इंदिरा गांधी सुख सुरक्षा योजना के साथ-साथ अन्य कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी। इसके अलावा कलाकारों ने विशेष रूप से नशा निवारण पर बल देते हुए नशे को समाज की गंभीर बुराई बताया और लोगों से नशे से दूर रहने व समाज को इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
आगामी कार्यक्रमों का शेड्यूल
इसी कड़ी में 9 जुलाई को कैलाश नगर और गगरेट अप्पर तथा 10 जुलाई को बंगाणा के मोउखास और सकोहान में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होंगे। वहीं, दूसरे चरण में पूर्वी कलामंच जलग्रां टब्बा द्वारा 14 से 18 जुलाई तक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसमें 14 जुलाई को हरोली के जोड़ियां और जननी, 15 को हरोली के जंगल पंजावर और भदसाली थोलियां, 16 को ऊना के बटूही और लमलेहड़ी अप्परली, 17 को ऊना के जखेड़ा और बहडाला लोअर तथा 18 जुलाई को परोइयां कलां और पनसाई में गीत संगीत व नुकड़ नाटकों के माध्यम से लोगों को मनोरंजन के साथ जनहित में संचालित योजनाओं बारे जानकारी दी जाएगी।
इस मौके पर डंगोह खास के प्रधान हरपाल सिंह, गोंदपुर बनेहड़ा की प्रधान रेखा रानी, उप प्रधान डंगोह खास भगवान दास, उप प्रधान गोंदपुर बनेहड़ा अप्पर जीवन कुमार, सचिव नीरज चौहान और मोनिका कौर सहित पंचायतों के वार्ड सदस्य और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
