काँगड़ा के कलूना के पास चलती HRTC बस में लगी आग, चालक की सूझबूझ से बचीं इतने यात्रियों की जान

कांगड़ा के धीरा क्षेत्र में कलूना गांव के पास HRTC पालमपुर डिपो की चलती बस में अचानक आग लग गई। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए 25-30 यात्रियों को तुरंत सुरक्षित बाहर निकाल लिया। कुछ ही मिनटों में बस पूरी तरह जल गई। अग्निशमन विभाग ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है

एचआरटीसी की बस में लगी आग

हिमाचल पथ परिवहन निगम के पालमपुर डिपो की सरूट-पालमपुर (वाया क्यारवां, चौकी परमारनगर, धीरा) रूट पर चल रही बस में शुक्रवार को कलूना गांव के पास अचानक आग लग गई। चालक की सूझबूझ और तत्परता से बस में सवार करीब 25 से 30 यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया

जानकारी के अनुसार बस अपने निर्धारित रूट पर सरूट से पालमपुर की ओर जा रही थी। कलूना गांव के पास एक मोड़ पर पहुंचते ही चालक ने बस से धुआं निकलता देखा। स्थिति को भांपते हुए उसने तुरंत बस रोक दी और सभी यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतार दिया।

देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और कुछ ही मिनटों में बस जलकर खाक हो गई। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।

घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग धीरा की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया

powan dhiman
Author: powan dhiman

error: Content is protected !!