चुराह (चंबा): चंबा जिले के चुराह क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश ने चांजू-3 जलविद्युत परियोजना को बड़ा नुकसान पहुंचाया है। शनिवार रात नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से परियोजना के पैकेज-1 में रखी लाखों रुपये की निर्माण सामग्री तेज बहाव में बह गई। कई अस्थायी ढांचे और सुरक्षा संबंधी संरचनाएं भी क्षतिग्रस्त हो गई हैं।
जानकारी के अनुसार, घटना की सूचना परियोजना अधिकारी ने तुरंत संबंधित पटवारी को दी। इसके बाद पटवारी ने मौके का निरीक्षण कर प्रारंभिक रिपोर्ट तैयार की और तहसीलदार चुराह को भेज दी। रिपोर्ट में हुए नुकसान का उल्लेख करते हुए आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई की सिफारिश की गई है।
प्रारंभिक आकलन के अनुसार 12, 16 और 32 एमएम सरिया, 10 और 20 एमएम बजरी, रिवर सैंड, क्रशर सैंड, सुरक्षा वायर, केबल, टीएमटी रॉड सहित बड़ी मात्रा में निर्माण सामग्री बह गई। इसके अलावा टीम शेड सहित अन्य अस्थायी ढांचों को भी नुकसान पहुंचा है।
प्रशासन ने नुकसान का विस्तृत आकलन शुरू कर दिया है। अंतिम रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, जिला प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा पूरी सतर्कता बरतने की अपील की है।