चंबा में दर्दनाक हादसा: मणिमहेश यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं की थार पर गिरा विशाल पत्थर, पंजाब के युवक की मौत

चंबा: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में मणिमहेश यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं के साथ बुधवार तड़के दर्दनाक हादसा हो गया। मेहला क्षेत्र के पास पहाड़ी से अचानक एक भारी पत्थर थार गाड़ी के ऊपर आ गिरा। हादसा इतना भीषण था कि वाहन का सनरूफ पूरी तरह चकनाचूर हो गया और उसमें सवार पंजाब के एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

 

जानकारी के अनुसार, यह हादसा तड़के करीब 3 बजे उस समय हुआ, जब श्रद्धालुओं से भरी थार गाड़ी मेहला क्षेत्र से गुजर रही थी। इसी दौरान पहाड़ी से एक विशाल पत्थर सीधे वाहन के सनरूफ पर आ गिरा। पत्थर की जोरदार टक्कर से गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और अंदर बैठे युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

 

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

 

लगातार हो रही बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और पत्थर गिरने की घटनाएं बढ़ गई हैं। ऐसे में प्रशासन ने यात्रियों और श्रद्धालुओं से पहाड़ी मार्गों पर विशेष सावधानी बरतने और मौसम संबंधी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।

powan dhiman
Author: powan dhiman

error: Content is protected !!