फिना सिंह सिंचाई परियोजना नवंबर 2027 तक होगी पूरी : मुकेश अग्निहोत्री केंद्र से मिली राशि के साथ प्रदेश सरकार भी अपने संसाधनों से करेगी खर्च, नूरपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को किया संबोधित

फिना सिंह सिंचाई परियोजना नवंबर 2027 तक होगी पूरी : मुकेश अग्निहोत्री केंद्र से मिली राशि के साथ प्रदेश सरकार भी अपने संसाधनों से करेगी खर्च, नूरपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को किया संबोधित

नूरपुर, 14 अगस्त। ऊना से चंबा जाते हुए उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री आज नूरपुर में रुके और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि नूरपुर राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्र रहा है और यहां कांग्रेस संगठन की मजबूत भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विकास के साथ-साथ संगठन को भी मजबूती देने के लिए लगातार काम कर रही है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि नूरपुर विधानसभा क्षेत्र की महत्वपूर्ण फिना सिंह सिंचाई परियोजना को नवंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि करीब 644 करोड़ रुपये की लागत वाली यह परियोजना लंबे समय से अधर में थी। परियोजना पर प्रदेश सरकार पहले ही अपने संसाधनों से करीब 300 करोड़ रुपये खर्च कर चुकी है। केंद्र सरकार से लगातार मामला उठाने के बाद परियोजना के लिए केंद्र से वित्तीय सहायता स्वीकृत हुई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार भी अपने संसाधनों से आवश्यक राशि उपलब्ध करवाएगी, ताकि परियोजना का काम तेजी से पूरा किया जा सके।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि फिना सिंह सिंचाई परियोजना पूर्व मंत्री सत महाजन का सपना था। हमारी सरकार के सत्ता में आने के बाद इस परियोजना को पूरा करने के रास्ते तलाशे गए और इसकी फंडिंग का मामला केंद्र सरकार के समक्ष मजबूती से उठाया गया। उन्होंने कहा कि परियोजना में बांध का निर्माण सबसे महत्वपूर्ण कार्यों में से एक है और इसे निर्धारित समय में पूरा करने के लिए सरकार पूरी गंभीरता से कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि कांगड़ा को प्रदेश की पर्यटन राजधानी के रूप में विकसित करने की दिशा में भी बड़े कदम उठाए जा रहे हैं। कांगड़ा हवाई अड्डे के विस्तार के लिए 4000 करोड़ खर्च चुके हैं।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि कांगड़ा में ढगवार का अत्याधुनिक दुग्ध प्रसंस्करण संयंत्र ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। संयंत्र की प्रारंभिक क्षमता 1.50 लाख लीटर प्रतिदिन होगी, जिसे भविष्य में तीन लाख लीटर प्रतिदिन तक बढ़ाया जा सकेगा। इससे कांगड़ा सहित आसपास के जिलों के हजारों दुग्ध उत्पादकों को लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि कांगड़ा के बनखंडी में आधुनिक चिड़ियाघर विकसित करने की योजना पर भी काम किया जा रहा है। इसके अलावा नगरोटा बगवां में पर्यटन विकास के तहत अंतरराष्ट्रीय स्तर के फाउंटेन सहित विभिन्न परियोजनाएं प्रस्तावित हैं।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश में हरित परिवहन को बढ़ावा देने के लिए इलेक्ट्रिक बसों का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जहां-जहां चार्जिंग स्टेशन तैयार होते जाएंगे, वहां इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू किया जाएगा। नूरपुर में भी इलेक्ट्रिक बसें चलाने की मांग पर सरकार सकारात्मक रूप से विचार करेगी।

भाजपा के पास अब जनता के मुद्दों का जवाब नहीं : मुकेश
कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने ‘ऑपरेशन लोटस’ को पराजित किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के खिलाफ चंदे से जुड़े मुद्दों को लेकर जनता में सवाल उठे हैं और मंदिर निर्माण के नाम पर राजनीति करने से भाजपा की बुनियाद कमजोर हुई है। उन्होंने नीट पेपर लीक, छात्रों के आंदोलनों और किसान आंदोलन का उल्लेख करते हुए कहा कि इन मुद्दों को लेकर देश का युवा और किसान वर्ग भाजपा सरकार से सवाल कर रहा है।
उन्होंने कहा कि संसद में भी जनहित के महत्वपूर्ण मुद्दों पर पर्याप्त चर्चा नहीं हो पाई। उन्होंने कहा कि विदेश नीति के मोर्चे पर भी केंद्र सरकार अपेक्षित परिणाम देने में सफल नहीं रही है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ही देश के सामने मजबूत राजनीतिक विकल्प है और राहुल गांधी दृढ़ता के साथ जनहित के मुद्दों की लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी एकजुट होकर जनता के मुद्दों को उठा रही है, जबकि भाजपा में प्रदेश नेतृत्व को लेकर मतभेद सामने आ रहे हैं।
कर्मचारियों को पुरानी पेंशन कांग्रेस सरकार ने दी

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना बहाल करने का महत्वपूर्ण फैसला कांग्रेस सरकार ने लिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस उत्तराखंड में भी सत्ता में आने पर कर्मचारियों को पुरानी पेंशन का लाभ देने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश सरकार लगातार जनहित और प्रदेश हित में नीतिगत फैसले ले रही है।
उन्होंने पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर कहा कि हिमाचल में इनके दाम पड़ोसी राज्यों की तुलना में अभी भी कम हैं। उन्होंने कहा कि पेट्रोल की कीमत में मामूली बढ़ोतरी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लिए संसाधन जुटाने के उद्देश्य से की गई है। उन्होंने भाजपा पर अप्रासंगिक मुद्दों को उठाकर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया।
पूर्व विधायक अजय महाजन ने फिना सिंह सिंचाई परियोजना के लिए केंद्र से धनराशि स्वीकृत करवाने के प्रयासों के लिए उपमुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने नूरपुर में इलेक्ट्रिक बसें चलाने का भी आग्रह किया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक अजय महाजन, हिमाचल पथ परिवहन निगम के उपाध्यक्ष अजय वर्मा, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नूरपुर के अध्यक्ष सहित कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

powan dhiman
Author: powan dhiman

error: Content is protected !!