राज्य एससी आयोग के अध्यक्ष से श्मशान घाटों के निर्माण की मांग को लेकर मिला प्रतिनिधिमंडल

राज्य एससी आयोग के अध्यक्ष से श्मशान घाटों के निर्माण की मांग को लेकर मिला प्रतिनिधिमंडल

ऊना जिले के गगरेट और चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्रों की विभिन्न पंचायतों में श्मशान घाटों के निर्माण एवं मरम्मत के लिए बजट उपलब्ध करवाने की मांग को लेकर कबीर पंथी कल्याण बोर्ड के सदस्य देव राज शांडिल तथा कबीर पंथी समाज सुधार सभा ऊना के प्रधान सुरेश कुमार के नेतृत्व में कबीर पंथी समाज के एक प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को हिमाचल प्रदेश अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री कुलदीप कुमार से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन सौंपकर संबंधित सात पंचायतों में श्मशान घाटों के लिए पांच-पांच लाख रुपये उपलब्ध करवाने का आग्रह किया। इस अवसर पर आयोग के सदस्य डॉ. विजय डोगरा और शालिनी जम्वाल भी उपस्थित रहे।
ज्ञापन में कहा गया है कि क्षेत्र की कई पंचायतों में कबीर पंथी बस्तियों एवं अन्य परिवारों के लिए श्मशान घाट की सुविधा नहीं होने से लोगों को अंतिम संस्कार के लिए दूर-दराज के स्थानों पर जाना पड़ता है। कई जगह उचित रास्ते नहीं होने से भी परेशानी होती है। स्थानीय लोग श्मशान घाटों के लिए भूमि उपलब्ध करवाने को तैयार हैं, लेकिन बजट के अभाव में निर्माण नहीं हो पा रहा है। कुछ स्थानों पर मौजूदा श्मशान घाटों की मरम्मत की भी आवश्यकता है।
प्रतिनिधिमंडल ने लोहारा अपर, मंदोली, अंब टिल्ला, सारड़ा, सूरी, चौआर और पोलियां प्रोहितां पंचायतों में श्मशान घाटों के निर्माण अथवा आवश्यक मरम्मत के लिए पांच लाख रुपये प्रति पंचायत उपलब्ध करवाने की मांग की।
आयोग अध्यक्ष कुलदीप कुमार ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि अंतिम संस्कार जैसी मूलभूत सुविधा से जुड़ा विषय मानवीय संवेदनाओं से संबंधित है। उन्होंने कहा कि मामले को संबंधित स्तर पर उठाकर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रयास किया जाएगा।

powan dhiman
Author: powan dhiman

error: Content is protected !!