शर्मनाक: नशे में धुत बेटे ने मां को घर से निकाला, दराट-कुल्हाड़ी दिखाकर दी जान से मारने की धमकी

सुंदरनगर। जिला मंडी के थाना सुंदरनगर के तहत नाल गांव में शराब के नशे में एक बेटे द्वारा अपनी मां के साथ कथित तौर पर बदसलूकी करने और घर में तोड़फोड़ करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बुधवार को जीत राम पुत्र स्वर्गीय मनीराम शराब के नशे में घर पहुंचा और गाली-गलौज व हुड़दंग शुरू कर दिया। इस दौरान उसने अपनी मां के साथ कथित तौर पर धक्का-मुक्की की और उसे घर से बाहर निकाल दिया।

 

प्राथमिकी में मां कलाष्णू देवी पत्नी स्वर्गीय मनीराम तथा भाइयों बंशी राम और रोशन लाल ने आरोप लगाया है कि जीत राम ने उन्हें दराट और कुल्हाड़ी दिखाकर जान से मारने की धमकियां भी दीं। शिकायत के अनुसार आरोपी ने घर के दरवाजे हथौड़े से तोड़ दिए और घरेलू सामान बाहर फेंक दिया।

 

शिकायतकर्ताओं के मुताबिक आरोपी ने पावर टिल्लर, अनाज, पशुओं के चारे की दो बोरियां, खल, ट्रंक सहित अन्य सामान भी घर से बाहर फेंक दिया। इस घटना में एक लाख रुपये से अधिक का नुकसान होने का दावा किया गया है।

 

मामले की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद थाना सुंदरनगर में शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस थाना सुंदरनगर में मामला दर्ज किया गया है।

powan dhiman
Author: powan dhiman

error: Content is protected !!