मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू दोपहर बाद अचानक दिल्ली रवाना हुए।

 

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू दोपहर बाद अचानक दिल्ली रवाना हुए। इससे पहले उन्होंने हिमाचल के राज्यपाल शिव शुक्ल से भी राजभवन जाकर मुलाकात की। मुख्यमंत्री की इस मुलाकात के बाद कैबिनेट विस्तार की अटकले तेज हो गई है।

 

सूत्रों की मानें तो एक दिन के दिल्ली दौरे के दौरान मुख्यमंत्री सुक्खू कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से मुलाकात कर सकते हैं। राष्ट्रीय नेताओं से वह कैबिनेट विस्तार को लेकर चर्चा कर सकते हैं।

 

इसी तरह राज्य सरकार के एक साल के अवसर पर कांगड़ा में होने वाले कार्यक्रम को लेकर भी राष्ट्रीय नेताओं से मुख्यमंत्री चर्चा कर सकते हैं। दरअसल, हिमाचल सरकार को 11 दिसंबर को एक साल पूरा होने जा रहा है। इस उपलक्ष्य पर सरकार कांगड़ा में बड़ा कार्यक्रम करने की योजना बना रही है। इसके लिए किन राष्ट्रीय नेताओं को बुलाया जाए। दिल्ली दौरे के दौरान मुख्यमंत्री इस पर भी चर्चा करेंगे। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री के दिल्ली से लौटने के बाद अगले कुछ ही दिन में कैबिनेट विस्तार कर दिया जाएगा। प्रदेश में मंत्रियों के तीन पद खाली है। इसके लिए आधा दर्जन तलबगार है।

बिलासपुर से राजेश धर्माणी, कांगड़ा से यादवेंद्र गोमा, सुधीर शर्मा, भवानी सिंह पठानिया, आरएस बाली व संजय रत्न, हमीरपुर से राजेंद्र राणा और सिरमौर से विनय कुमार भी रेस में है। लेकिन इन में से दो को ही मंत्री बनाया जा सकता है। इन पर अंतिम मुहर हाईकमान से चर्चा के बाद लगाई जाएगी।

सुक्खू कैबिनेट में अभी मुख्यमंत्री व उप मुख्यमंत्री सहित 9 मंत्री हैं। मंत्रियों के तीन पद खाली हैं। सूत्रों की मानें तो फिलहाल अभी दो मंत्री लगाए जा सकते हैं, तीसरे मंत्री की तैनाती लोकसभा चुनाव से कुछ दिन पहले की जा सकती है।

सूत्र बताते हैं कि मंत्रियों के तीनों पद अभी नहीं भरे जाएंगे। एक पद खाली छोड़ा जा सकता है। तीसरा पद चीफ पार्लियामेंट्री सेक्रेटरी को लेकर हाईकोर्ट में चल रहे केस का निर्णय आने के बाद भरा जा सकता है।

शिमला जिले से 3 मंत्री रोहित ठाकुर, अनिरुद्ध सिंह व विक्रमादित्य सिंह, सोलन से धनीराम शांडिल, कांगड़ा से चंद्र कुमार, किन्नौर से जगत सिंह नेगी और सिरमौर से हर्षवर्धन चौहान मंत्री हैं। वहीं, चंबा जिला से विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप पठानिया हैं।

powan dhiman
Author: powan dhiman

Leave a Comment

error: Content is protected !!