हिमाचल जैसे शांत राज्य का माहौल खराब करने वाले नेताओं को करारा जवाब देगी युवा कांग्रेस

युवा कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता निशांत शर्मा ने हिमाचल प्रदेश सरकार को अलोकतांत्रिक ढंग से अस्थिर के करने के भाजपा के कुप्रयासों और राज्यसभा चुनाव में 9 विधायकों के कृत्य की कड़ी आलोचना की है। 

एक बयान जारी करते हुए निशांत शर्मा ने कहा कि एक वर्ष पहले विधानसभा चुनाव में करारी हार को भाजपा अभी तक नहीं पचा पा रही है और मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार को अस्थिर करने पर तुली हुई है। लेकिन, मुख्यमंत्री के सशक्त नेतृत्व के आगे भाजपा और इनके शीर्ष नेताओं के सभी मंसूबे कामयाब नहीं हो पा रहे हैं।
 निशांत शर्मा ने कहा कि भाजपा ने राज्यसभा चुनाव और बजट सत्र के दौरान कुछ विधायकों को प्रलोभन देकर हिमाचल प्रदेश जैसे शांत प्रदेश का माहौल बिगाड़ने की कोशिश की है, लेकिन ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू जैसे योद्धा के आगे भाजपा नेताओं और बर्खास्त विधायकों की एक भी नहीं चल पाई। युकां प्रवक्ता ने कहा कि हिमाचल की जनता भाजपा और इससे मिले हुए बर्खास्त विधायकों के मंसूबों को भली-भांति समझ चुकी है और आने वाले लोकसभा चुनाव में इन्हें करारा जवाब देगी।
कांग्रेस की टिकट पर चुनाव जीतने के बावजूद राज्यसभा चुनाव में पार्टी को दगा देने वाले बर्खास्त विधायकों और निर्दलीय विधायकांे पर कड़े प्रहार करते हुए निशांत शर्मा ने कहा कि इस राजनीतिक घटनाक्रम में बुरी तरह पस्त हो चुके ये नेता अब अनाप-शनाप बयानबाजी करके आम लोगों में भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। युकां प्रवक्ता ने कहा कि ये लोग अब आम जनता के सामने पूरी तरह बेनकाब हो चुके हैं।
निशांत शर्मा ने कहा कि हमीरपुर में कुछ बाहरी लोग कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं। सुजानपुर और बड़सर में भी माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया जा रहा है। हमीरपुर शहर और इसके आस-पास के क्षेत्रों में कांग्रेस पार्टी के होर्डिंग्स फाड़ने के मामले भी सामने आए हैं। युकां प्रवक्ता ने कहा कि हिमाचल जैसे शांत प्रदेश में इस तरह की हरकतें कतई बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि ये नेता और इनके मुट्ठी भर समर्थक अगर अपनी हरकतों से बाज नहीं आए तो युवा कांग्रेस करारा जवाब देगी।
powan dhiman
Author: powan dhiman

Leave a Comment

error: Content is protected !!