
हिमाचल प्रदेश के तीनों निर्दलीय विधायक विधानसभा अध्यक्ष की ओर से अब तक इस्तीफे मंजूर न करने पर अब हाई कोर्ट में पहुंच गए हैं। तीनों ने मंगलवार को हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट में याचिका दायर कर चुनौती दे दी। याचिका पर हाईकोर्ट में मुख्य न्यायाधीश एमएस राम चंद्र राव और न्यायमूर्ति ज्योत्सना रेवाल दुआ की खंडपीठ के समक्ष आज सुनवाई होगी।
निर्दलीय विधायकों की इस याचिका में विधानसभा अध्यक्ष को पार्टी बनाया गया है। देहरा के होशियार सिंह, नालागढ़ के केएल ठाकुर और हमीरपुर के आशीष शर्मा ने विधानसभा की सदस्यता से 22 मार्च को विधानसभा अध्यक्ष तथा सचिव को अपने इस्तीफे सौंप दिए थे। इस्तीफों की एक-एक प्रति राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल को भी दी थी। राज्यपाल ने इस्तीफों की प्रतियां विधानसभा अध्यक्ष को भेज दी थीं।
विधायकों ने तो अपनी ओर से इस्तीफे दे दिए, लेकिन विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने इन्हें मंजूरी नहीं दी। उन्होंने इस्तीफे का कारण बताने के लिए तीनों विधायकों को 10 अप्रैल तक स्पष्टीकरण देने को कहा है। इसी को इन तीनों निर्दलीय विधायकों ने हाईकोर्ट में चुनौती दी है।
तीनों निर्दलीय अब विधायक भाजपा ज्वाइन कर चुके हैं। निर्दलीय विधायक होशियार सिंह ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष को व्यक्तिगत तौर पर मिलकर इस्तीफे दिए गए, जिन्हें वह रोक नहीं सकते हैं। इसलिए हाईकोर्ट में याचिका दायर कर चुनौती दी गई है। तीनों निर्दलीय विधायक विधानसभा अध्यक्ष को जवाब नहीं देंगे। आज इस मामले की हाईकोर्ट में सुनवाई है।
