सुक्खू ने हमीरपुर की जनता को निराश किया: राजेंद्र राणा

 

 

पूर्व विधायक और सुजानपुर उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी राजेंद्र राणा ने आज बमसन क्षेत्र में कई पंचायतो में कार्यक्रम किये और नुक्कड़ सभाओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की कार्यशैली पर करारे प्रहार किये। उन्होंने कहा हमीरपुर की जनता ने वह दौर भी देखा है, जब प्रेम कुमार धूमल यहां से मुख्यमंत्री थे और पूरे जिला को उन्होंने विकास के मामले में बुलंदियों पर ले जाने में कोई कसर नहीं छोड़ी थी और लोगों को भी जिला के मुख्यमंत्री होने का अहसास बड़ी शिद्दत से करवाया था। लेकिन सुखविंदर सिंह सुक्खू के रूप में जिला की जनता ने ऐसा मुख्यमंत्री भी देखा है, जिसने अपने विधायकों और उनके इलाकों की जनता को जलील करने में ही अपनी सारी ऊर्जा लगाई है।

राजेंद्र राणा ने कहा कि आज स्थिति यह हो गई है कि पिछले कल मुख्यमंत्री के गलोड में आयोजित कार्यक्रम के लिए पहले 500 कुर्सियां लगाई गई थी और बाद में बड़े कम लोगों के कार्यक्रम में आने की भनक मिलते ही 300 कुर्सियां वहां से उठा ली गई और बाकी कुर्सियां भी आधी खाली रही। इससे साफ पता चलता है कि लोग मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में उदासीनता दिखा रहे हैं।

राजेंद्र राणा ने कहा कि मुख्यमंत्री अभी तक उनके इस सवाल का जवाब नहीं दे पाए हैं कि चंडीगढ़ के अपने आधिकारिक दौरे के दौरान वह हिमाचल भवन में रुकने की बजाय अपने सुरक्षा कर्मियों को दाएं बाएं करके फाइव स्टार होटल में ही क्यों रुकते थे। कहीं वहां अटैचियों का आदान-प्रदान तो नहीं होता था। उन्होंने कहा ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू की राजनीति झूठ की बुनियाद पर टिकी है और झूठ बोलने में उन्हें महारत हासिल है। उन्होंने कहा हिमाचल की जनता का कांग्रेस पार्टी और मुख्यमंत्री की कार्यशैली से मोह भंग हो चुका है और जनता से की गई वादा खिलाफी के लिए 1 जून को जनता वोट के माध्यम से कांग्रेस पार्टी व सुक्खू सरकार को करारा जवाब देने वाली है।

 

 

 

 

powan dhiman
Author: powan dhiman

Leave a Comment

error: Content is protected !!