कौड़ियों के भाव खरीदी जमीन सरकार को 6.72 करोड़ में किसकी शह पर बेची गई , सुक्खू स्थिति स्पष्ट करें: राजेंद्र राणा

हमीरपुर , 29 मई: आज सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के कक्कड़ , ऊहल और टोनी देवी में केंद्रीय मंत्री व सांसद अनुराग ठाकुर और सुजानपुर उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी राजेंद्र राणा ने संयुक्त जनसभाओं को संबोधित करके केंद्र में मोदी जी के नेतृत्व में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाने और हिमाचल प्रदेश में भी भाजपा का मुख्यमंत्री बनाने के लिए 1 जून को डटकर भाजपा के पक्ष में वोट डालने का लोगों से आह्वान किया। अनुराग ठाकुर ने जनसभा में लोगों से खुलकर अपील की कि वे लोकसभा के लिए मुझे वोट देने के साथ-साथ इस उप चुनाव में भाजपा प्रत्याशी राजेंद्र राणा जी को भारी मतों से कामयाब बनाएं।

इन तीन संयुक्त जनसभाओं के अलावा राजेंद्र राणा ने सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कुठेडा के अलावा कई अन्य स्थानों पर भी
भारी जनसमूह को संबोधित करके मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर तीखे सवाल दागते हुए सरकारी खजाने की लूट घसूट पर उन्हें जमकर घेरा। राजेंद्र राणा ने कहा कि मुख्यमंत्री को सार्वजनिक रूप से यह स्पष्ट करना चाहिए कि उनके विधानसभा क्षेत्र नादौन में जिस जमीन की रजिस्ट्री 2 लाख 60 हजार रुपए में होती है, वही जमीन उनके मुख्यमंत्री बनने के बाद सरकार के एक विभाग को 6 करोड़ 72 लाख रुपए में बेच दी जाती है। यह सब कुछ किसके आशीर्वाद से, किसकी शह पर , किन ईमानदार लोगों ने किया और सरकारी खजाने को लूटने की हरी झंडी किसने दी थी। उन्होंने कहा कि यह घोटाला अब छिपाने वाला नहीं है और
इसका पर्दाफाश आने वाले दिनों में होकर रहेगा। राजेंद्र राणा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के अपने दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह स्पष्ट कह गए हैं कि भ्रष्टाचार में डूबी यह सरकार अब ज्यादा दिन टिकने वाली नहीं है और इस सरकार का जाना तय हो चुका है। उन्होंने कहा मुख्यमंत्री के पास सिविल सप्लाई विभाग भी है और खाद्य नागरिक आपूर्ति निगम देहरा के तहत एक करोड़ की सरकारी सप्लाई डिपुओं तक नहीं पहुंची और बड़े स्तर पर गड़बड़ झाला हुआ है। यह सारे घोटाले और गड़बड़ झाले यह बता रहे हैं कि प्रदेश सरकार में किस तरह जमकर लूट खसूट हो रही है।

राजेंद्र राणा ने कहा कि जनता केंद्र में तीसरी बार नरेंद्र मोदी जी को प्रधानमंत्री बनाने और हिमाचल प्रदेश में भाजपा का मुख्यमंत्री बनाने का फैसला कर चुकी है। राजेंद्र राणा के इस कथन पर सैकड़ो लोगों ने तालियां बजाकर और अपने हाथ ऊपर खड़े करके उनकी बात का समर्थन किया और राजेंद्र राणा को भारी बहुमत से विजय दिलाने की हुंकार भी भरी। चुनाव प्रचार समाप्त होने के कुछ घंटे पहले राजेंद्र राणा की जनसभाएं जन समर्थन के सैलाब में बदल गई हैं और हर वर्ग के लोग खुलकर यह कह रहे हैं कि राजेंद्र राणा को ऐतिहासिक मतों से बढ़त दिलाई जाएगी।

 

 

powan dhiman
Author: powan dhiman

Leave a Comment

error: Content is protected !!